पाकिस्तानी तस्कर से मंगवाता था हेरोइन और हथियार

अमृतसर पुलिस ने हेरोइन तस्करी के 2 अलग-अलग मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 23 किलो 18 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, मैगजीन, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मंगलवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पहले मामले में आर्म्स एक्ट भी लगाया गया है।
लोपोके थाना पुलिस ने बीएसएफ इंटेलिजेंस विंग और 100 बटालियन बीएसएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुखमनप्रीत सिंह निवासी गांव लोदीगुज्जर को गिरफ्तार किया। एसएचओ जसदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस हेमतपुरा-लोपोके रोड पर नाकाबंदी कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे एक तस्कर से हेरोइन और हथियारों की खेप मंगवाता है। सूचना के आधार पर गांव सैदपुरा की सड़क पर नाकाबंदी कर आरोपी को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद हुई।
जीटी रोड पर दो आरोपी नशे सहित काबू
दूसरे मामले में घरिंडा थाना पुलिस ने सरकारी बाग के पास जीटी रोड पर नाकाबंदी कर गुरबख्शिश सिंह उर्फ बख्शिश और बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों हेरोइन की तस्करी करते हैं और खेप लेकर आ रहे हैं। तलाशी में उनके पास से 10 किलो 18 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की।
पिछला लेखKhanna में ED की रेड:मोगा की विधायक का ननिहाल, अफसरों ने पारिवारिक सदस्यों के मोबाइल कब्जे में लिए
अगला लेखActress Ananya Chadha ने गोल्डन टेंपल में टेका माथा:‘पंजाब ना भूलियो’ की सफलता का मांगा आशीर्वाद, SGPC ने किया सम्मानित