अमृतसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
इसी क्रम में गुरु नानक स्टेडियम में समारोह की फाइनल रिहर्सल आयोजित की जा रही है। रिहर्सल के बाद शहर में सुरक्षा बलों की ओर से फ्लैग मार्च भी निकाला जाएगा।
फ्लैग मार्च में अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर विशेष रूप से शामिल होंगे। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना और लोगों में सुरक्षा व देशभक्ति का संदेश देना है।
फ्लैग मार्च गुरु नानक स्टेडियम से शुरू होकर कस्टम चौक, कचहरी चौक, रंजीत एवेन्यू, रतन सिंह चौक और नोवेल्टी चौक होते हुए भंडारी पुल पहुंचेगा। इसके बाद यह शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरेगा।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जाएगा जायजा
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
प्रस्तुतियों और कार्यक्रमों का अभ्यास
वहीं, फाइनल रिहर्सल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान होने वाली प्रस्तुतियों और कार्यक्रमों का अभ्यास किया जाएगा। प्रशासन समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारियों में जुटा है।