ऑकलैंड में शानदार जीत के बाद भारतीय टीम की नजरें अब सीरीज में 2-0 की बढ़त लेने पर हैं.

इसके लिए उसे वेलिंग्टन में होने जा रहे दूसरे वनडे मैच में भी जीत हासिल करनी होगी. मगर ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे की तरह दूसरे मैच में भी बारिश की दखल की आशंका है. वेलिंग्टन के मौसम का पूर्वानुमान तो कम से कम यही डर पैदा कर रहा है. मगर क्या पूरा मैच ही बारिश से धुल जाएगा या दर्शकों को कुछ एक्शन देखने को मिलेगा.
शनिवार 7 नवंबर को स्काय स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मैच खेला जाएगा. इस मैदान पर दोनों ही टीम हाल ही में टी20 सीरीज में भी टकराई थीं. उस मुकाबले में तो बारिश नहीं हुई थी लेकिन दूसरे वनडे मैच में वेलिंग्टन का मौसम अपनी मनमानी कर सकता है. मौसम का हाल बताने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर के मुताबिक, दिन में 3 बजे से कई बार वेलिंग्टन में बारिश हो सकती है.

बारिश से बिगड़ जाएगा मैच का मजा?

भारत-न्यूजीलैंड का ये मैच दोपहर 3 बजे (न्यूजीलैंड का समय) से शुरू होना है लेकिन ठीक 3 बजे ही बारिश की आशंका भी है. इस अनुमान के मुताबिक, दोपहर 3 बजे और 4 बजे के वक्त बारिश होने की आशंका करीब 60 फीसदी तक है. अगर ये आशंका सही साबित होती है तो मैच वक्त पर शुरू नहीं हो पाएगा और काफी ओवर कट सकते हैं.
हालांकि इसके बाद अगले करीब 5 घंटों तक बारिश का अनुमान नहीं है, जिससे कुछ न कुछ एक्शन दिखने की उम्मीद है. मगर रात 10 बजे के बाद लगातार बारिश हो सकती है. ऐसे में मैच का नतीजा बारिश के कारण तय होगा, इसकी भी संभावना नजर आ रही है. कुल मिलाकर इतना तय नजर आ रहा है कि बारिश की दखल से इस मुकाबले का मजा किरकिरा होकर ही रहेगा.

कैसा है भारत का रिकॉर्ड?

वेलिंग्टन की बात करें तो स्काय स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड दमदार है. इस मैदान पर टीम इंडिया ने कुल 4 मैच खेले हैं, जिसमें से 2 में जीते हैं और 1 में हार मिली है. वहीं एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. अब ये पांचवां मैच भी रद्द होगा या टीम इंडिया का रिकॉर्ड और बेहतर होगा, ये शनिवार 7 नवंबर को ही पता चलेगा.
पिछला लेखGold Price: डेढ़ लाख रुपये के करीब पहुंचा सोना, पिछले धनतेरस के मुकाबले इतने हजार बढ़ गए दाम
अगला लेखPunjab-Chandigarh में 5 दिन मौसम रहेगा ड्राई : दिन में गर्मी-रातें हो रही ठंडी , 10-11 नवंबर को बारिश के आसार