पंजाब के कपूरथला के महताबगढ़ मोहल्ले में दिवाली की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर दोस्तों के साथ पटाखे चला रहे एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मनी के रूप में हुई है. वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है. इस मामले में मोहल्ले के रहने वाले दो सगे भाइयों कमल और मनी पर गोली चलाने का आरोप लगा है.
जानकारी के अनुसार मनी देर शाम अपने घर के बाहर दोस्तों के साथ पटाखे चला रहा था. इसी दौरान कथित तौर पर कमल और मनी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और उस पर गोली चला दी. गोली सीधे मनी की छाती के बीचोंबीच लगी. गोली की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और मोहल्ला निवासी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद मृतक के साथ पटाखे चला रहे उसके दोस्त मौके से भाग गए. घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी और थाना कोतवाली की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी. इस संबंध में सब डिवीजन डीएसपी शीतल सिंह ने बताया कि मनी नामक युवक घर के बाहर अपने दोस्तों के साथ पटाखे चला रहा था. इसी दौरान कमल और मनी नाम के दो युवकों ने उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई.
आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सीआईए स्टाफ और थाना सिटी पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं. डीएसपी के अनुसार, आरोपी कमल के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस वारदात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. मृतक की रिश्तेदार हरजिंदर कौर ने बताया कि मनी की शादी महज 9 महीने पहले हुई थी.

चार बहनों का इकलौता भाई था मनी

मनी की पत्नी के हाथों से अभी शादी का लाल चूड़ा भी नहीं उतरा था कि हमलावरों ने उसका सुहाग उजाड़ दिया. उन्होंने बताया कि मनी चार बहनों का इकलौता भाई था. जवान बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. कपूरथला के घनी आबादी वाले महताबगढ़ मोहल्ले में घर के बाहर पटाखे चला रहे युवक की गोली मारकर हत्या की घटना ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. अब पुलिस के सामने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने लाने की चुनौती है.
पिछला लेखJalandhar : मकसूदां फ्लाईओवर पर ट्रक और कार की जोरदार टक्कर, एक्टिवा सवार युवती घायल; कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
अगला लेखAmritsar में BSF का बड़ा अभियान, 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन, एक ड्रोन और 100 जिंदा कारतूस बरामद