पंजाब में केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हलचल मच गई है।
खन्ना के गांव लिबड़ा में बुधवार सुबह करीब 6 बजे ED की टीम ने रेड की। गांव लिबड़ा मोगा से आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा का ननिहाल गांव बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जालंधर से पहुंची ED की टीम दो गाड़ियों में गांव लिबड़ा स्थित एक घर में पहुंची। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
टीम द्वारा घर में मौजूद परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही परिवार के बैंक खातों की जांच की जा रही है और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी खंगाली जा रही है।
दस्तावेजों को खंगाल रही टीम
सूत्रों के मुताबिक जांच टीम ने परिवार के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल ED की इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर रेड के कारणों और जांच के दायरे संबंधी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।