लुधियाना के कस्बा जगराओं की पुलिस ने पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले 3 आरोपियों को रविवार देर शाम गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ लवी की मां अमरजीत कौर और चाचा जगतार भी शामिल हैं।
वहीं, मुख्य आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ लवी समेत 3 आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। थाना सदर के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत कौर, मनराज सिंह और जगतार सिंह उर्फ मोली, निवासी गांव हांस कलां, के रूप में हुई है।
आरोपी नशे की हालत में राहगीरों को करते थे परेशान
एसएचओ ने बताया कि शनिवार को चौकीमान चौकी की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव हांस कलां निवासी रमनदीप सिंह उर्फ लवी और गांव ढोलन निवासी हरमनजोत सिंह नशा करने के आदी हैं और नशे की हालत में आने-जाने वाले राहगीरों को परेशान करते हैं। सूचना के आधार पर एएसआई सुखदेव सिंह और सिपाही लखबीर सिंह गांव के बस स्टैंड पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस पार्टी को देखकर एक युवक दुकान में घुस गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
हाथापाई करते हुए खुद को छुड़ाने की कोशिश पुलिस के अनुसार, दुकान में घुसे युवक की पहचान रमनदीप सिंह उर्फ लवी के रूप में हुई। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो वह भड़क गया और एएसआई सुखदेव सिंह तथा सिपाही लखबीर सिंह के साथ उलझने लगा। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों से हाथापाई करते हुए खुद को छुड़ाने की कोशिश की।
सिपाही लखबीर सिंह की वर्दी के बटन टूटे इसी दौरान रमनदीप सिंह के माता-पिता और चाचा समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आरोपों के मुताबिक, उन्होंने आते ही पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया और मुलाजिमों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सिपाही लखबीर सिंह की वर्दी के बटन टूट गए। वहीं, एएसआई सुखदेव सिंह जब अपने साथी को बचाने के लिए आगे आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की। आरोप है कि उनकी वर्दी पर लगी नेम प्लेट और लोगो भी तोड़ दिए गए।
6 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला पुलिस ने एएसआई सुखदेव सिंह के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रमनदीप सिंह उर्फ लवी, सरूप सिंह, अमरजीत कौर, मनराज सिंह, जगतार सिंह उर्फ मोली और सुखविंदर सिंह उर्फ बब्बी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 115(2), 132, 221, 126(2), 324(4), 296, 351(2), 191(3) और 190 के तहत थाना सदर जगराओं में मामला दर्ज किया था।
फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास जारी एसएचओ के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिछला लेखJalandhar से सुबह 9 बजे रवाना हुई शोभायात्रा शाम 8.30 बजे पहुंची भगवान वाल्मीकि तीर्थ, जगह-जगह फूलों से हुआ स्वागत
अगला लेखAmit Shah से जुड़े मानहानि केस में Rahul Gandhi बरी, सुल्तानपुर कोर्ट ने सुनाया फैसला