पंजाब में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में जनसंख्या गणना के दूसरे चरण की शुरुआत 1 दिसंबर 2026 से होगी। इससे पहले लोगों को 16 नवंबर से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी। इसके तहत नागरिक घर बैठे जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिलों में घूमेंगी 9 डिजिटल एलईडी वैन
जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रवाना की गई 9 डिजिटल वैन पंजाब के शहरों, कस्बों, गांवों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचेंगी।
इन वैन पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जनगणना से जुड़े संदेश दिखाए जाएंगे। साथ ही ऑडियो-विजुअल माध्यम से लोगों को ऑनलाइन फॉर्म भरने की जानकारी दी जाएगी। वैन पर लगाए गए QR कोड को स्कैन करके नागरिक सीधे राष्ट्रीय जनगणना पोर्टल तक पहुंच सकेंगे।
परेशानी होने पर 1855 पर करें कॉल
जनगणना का ऑनलाइन फॉर्म भरते समय किसी तरह की परेशानी होने पर नागरिक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।
जनगणना विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्व-गणना की ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही जब सरकारी गणनाकर्मी उनके घर जानकारी लेने पहुंचें तो उन्हें सही और पूरी जानकारी देकर सहयोग करें।
5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे होगी संदर्भ तिथि
जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे को संदर्भ तिथि निर्धारित किया गया है। इसी समय की स्थिति के आधार पर जनसंख्या से संबंधित आंकड़े तैयार किए जाएंगे।
दो चरणों में पूरी होगी जनगणना 2027
देशभर में जनगणना 2027 को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करने और आवास गणना का काम किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में लोगों की संख्या और उनसे संबंधित आवश्यक जानकारियां जुटाई जाएंगी।
इस पूरी प्रक्रिया का मकसद देश की जनसंख्या का सटीक और व्यापक आंकड़ा तैयार करना है, जिसका इस्तेमाल भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास नीतियों को बनाने में किया जाएगा।
जनसंख्या गणना पूरी होने के 3 से 5 दिन बाद पुनरीक्षण दौर भी चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य उन लोगों को गणना में शामिल करना है, जो किसी कारणवश पहले चरण में छूट गए होंगे।