आम आदमी पार्टी ने 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जारी कर दी है. इससे पहले 40 उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी की गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाब के धुरी विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर से उतारने का ऐलान भी पार्टी ने किया था. दूसरी लिस्ट में दो सांसदों को भी टिकट दिया गया है. संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से और होशियारपुर से सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है.
दूसरी लिस्ट में 25 नए चेहरे को उतारा
इस दूसरी सूची में 25 चेहरे नए हैं, जबकि छह उम्मीदवारों को दोबारा मौका मिला है. इसमें मौजूदा विधायक सरबजीत कौर माणूके और अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर शामिल हैं. पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान का खरड़ से टिकट काटकर परमिंदर सिंह गोल्डी और पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का पट्टी से टिकट काटकर जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को उम्मीदवार घोषित किया गया है.
आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में पांच महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है. इनमें शुतराणा से वनिंदर कौर लूंबा, जगराओं से मौजूदा विधायक सरबजीत कौर माणूके, अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, राजा सांसी से सोनिया मान और फिल्लौर से हरजोत कौर लोहटिया शामिल हैं.
दूसरी सूची में एक मौजूदा महिला विधायक को दोबारा टिकट दिया गया है. दोनों सूचियों को मिलाकर अब तक 9 महिलाओं को टिकट दी गई है. इसमें पांच मौजूदा महिला विधायक भी शामिल हैं.
विधानसभा इंचार्ज को बनाया उम्मीदवार
दूसरी सूची में 11 ऐसे चेहरों को उम्मीदवार बनाया गया है, जो अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा (हलका) इंचार्ज की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. इनमें जसवीर सिंह गढ़ी (चमकौर साहिब), परमिंदर सिंह गोल्डी (खरड़), नितिन कोहली (जालंधर सेंट्रल), वनीत धीर (जालंधर उत्तर), दीपक बाली (जालंधर कैंट), पवन कुमार टीनू (आदमपुर), हरजोत कौर लोहटिया (फिल्लौर), बलवीर सिंह पाला जलालपुर (शाहकोट), सरबजोत सिंह साबी (मुकेरियां), रॉबी कंग (नवांशहर) और जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी (पट्टी) शामिल हैं.
आमतौर पर पंजाब में ये धारणा रहती है कि अगर किसी पार्टी ने किसी विधानसभा क्षेत्र में हलका यानी विधानसभा इंचार्ज नियुक्त कर दिया है तो उसे ही आने वाले विधानसभा चुनाव में संभावित प्रत्याशी के तौर पर देखा जाता है.
दूसरी लिस्ट के आधार पर बड़ी बात ये है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में इन 31 सीटों में से 10 पर AAP ने जीत दर्ज की थी. इनमें से सिर्फ 2 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है. इनमें बल्लुआना से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर और जगराओं से सरबजीत कौर मानुके शामिल हैं.
दो वर्तमान सांसद को मिला टिकट
कांग्रेस के दिग्गज नेता और 2022 के सिटिंग मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले आम आदमी पार्टी के सीटिंग विधायक डॉक्टर चरणजीत सिंह के टिकट को भी चमकौर साहिब विधानसभा सीट से काट दिया गया है.
दो सिटिंग लोकसभा सांसदों को टिकट देकर पार्टी ने ये साफ संकेत दिए हैं कि इस वक्त पंजाब का विधानसभा चुनाव जीतना पार्टी के लिए काफी अहम है. इसी वजह से लोकसभा में नुमाइंदगी बेहद कम होने के बावजूद दो सिटिंग लोकसभा सांसदों को भी चुनाव मैदान में उतार दिया गया है. खरड़ से विधायक और पूर्व मंत्री रही अनमोल गगन मान को भी इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है. टिकट ना मिलने का संकेत विधायक पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से दे चुकी थीं.
जालंधर कैंट विधानसभा सीट से पार्टी ने अपने तेज-तर्रार नेता दीपक बाली को चुनाव मैदान में उतारा है. इस सीट से परगट सिंह चुनाव जीतते रहे हैं जोकि फिलहाल पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं और उनका जालंधर कैंट सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में उतरना तय माना जा रहा है.