पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।

मौसम विभाग ने आज राज्य के तीन जिलों पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी खतरा है।
हालांकि राहत की बात यह है कि 8 और 9 मई को पंजाब के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान रूपनगर में 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बिजली बचाने के लिए प्रशासन का बड़ा फैसला
बढ़ती बिजली खपत को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सरकारी दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक भवनों और बड़े संस्थानों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस पर रखने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य ऊर्जा की बचत करना और बिजली पर बढ़ते दबाव को कम करना है।
10 मई से सक्रिय होगी नई पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पहाड़ी क्षेत्रों के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसकी वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से पहाड़ी इलाकों में बारिश और मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में बारिश के आसार कम
गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा, जालंधर, लुधियाना और पटियाला समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि करीब 90 प्रतिशत क्षेत्रों में बारिश नहीं होगी, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी से इनकार नहीं किया जा सकता।
धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान
बारिश की गतिविधियों में कमी आने के कारण आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसके 35 से 38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हवा में नमी रहने के कारण बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन फिलहाल व्यापक बारिश के संकेत नहीं हैं।
पिछला लेखवैश्विक अस्थिरता से सोना-चांदी चमके, कीमतों में 0.9% तक की तेजी
अगला लेखOperation Sindoor को एक साल पूरा, PM मोदी ने सेना के साहस को किया सलाम