पंजाब भर में बुराई पर अच्छाई की जीत का महापर्व दशहरा आज पूरे हर्षोल्लास मनाया जा रहा है।

पूरे प्रदेश में दशहरे को लेकर तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। इस बार प्रदेश का सबसे बड़ा आकर्षण लुधियाना का दशहरा है जहां रामलीला मैदान दरेसी रोड में 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और रावण को मुखाग्नि देंगे। इसके अलावा अमृतसर के दुर्ग्याणा मंदिर में 100 फीट के रावण का दहन किया जाएगा।
इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लुधियाना, अमृतसर, चंडीगढ़ सहित प्रदेश में पुलिस बल तैनात किया गया है और जाम को देखते हुए रूट मैप जारी किया गया है।
लुधियाना में कड़ी सुरक्षा,ट्रैफिक रूट मैप जारी
गृह मंत्री के दौरे और लाखों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए लुधियाना में पूरी चौकसी बरती जा रही है। चप्पे-चप्पे पर पंजाब पुलिस के जवान तैनात हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
लुधियाना ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा और जाम से बचने के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक और पार्किंग रूट मैप तैयार किया है। दरेसी ग्राउंड की तरफ जाने वाले कई रास्तों को ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया गया है और वाहनों के लिए जालंधर बाईपास चौक, जगराओं ब्रिज और शेरपुर चौक से डायवर्जन किया गया है। पार्किंग के लिए छोटी दरेसी ग्राउंड, कपूर अस्पताल, और बुक्स मार्केट जैसी जगहें तय की गई हैं।
पंजाब के अन्य शहरों में भी भव्य तैयारियां, जानें कहां-कितना ऊंचा जलेगा रावण:
  • चंडीगढ़: सेक्टर 46 में इस बार 106 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया चीफ गेस्ट (मुख्य अतिथि) होंगे।
  • जालंधर: शहर के मशहूर साई दास स्कूल ग्राउंड में 100 फीट के रावण का दहन होगा। इसके अलावा आदर्श नगर और जालंधर कैंट में भी 80-80 फीट ऊंचे रावण के पुतले जलाए जाएंगे, जिसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
  • अमृतसर: श्री दुर्ग्याणा मंदिर की बैक साइड वाले मैदान में इस बार 100 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया जाएगा।
  • पटियाला: शहर का सबसे बड़ा रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण का पुतला पुडा ग्राउंड में जलेगा। हालांकि यहां पुतलों की ऊंचाई का सटीक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इसके भव्य होने का दावा है।
  • बठिंडा: परसराम नगर में इस बार 50 से 55 फीट ऊंचे चार पुतले लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे।
  • पठानकोट: रामलीला मैदान में श्री कृष्णा नाटक क्लब की ओर से सबसे बड़े 60-60 फीट ऊंचे तीन पुतलों (रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद) का दहन किया जाएगा, जो क्षेत्र के लोगों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेंगे।
प्रशासन ने सभी जगहों पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
पिछला लेखAmritsar में 6 जगह होगा रावण दहन:दुर्ग्याणा ग्राउंड में जलेगा 100 फीट ऊंचा पुतला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; पुलिस अलर्ट
अगला लेखAmritsar Airportके आसपास ड्रोन उड़ाने पर रोक:पैराग्लाइडर और गर्म हवा के गुब्बारों पर भी प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई