होम latest News Punjab Weather: पंजाब में मौसम का बड़ा अलर्ट: 50 kmph की रफ्तार...

Punjab Weather: पंजाब में मौसम का बड़ा अलर्ट: 50 kmph की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, कई जिलों में बारिश की चेतावनी

0

पंजाब में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम ने राहत के संकेत दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पंजाब के कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, रूपनगर और मोहाली में वर्षा की संभावना जताई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हालांकि पिछले 24 घंटों में तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है, फिर भी यह सामान्य स्तर से नीचे बना हुआ है। बठिंडा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
3 जून से मौसम में फिर बदलाव, नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 3 जून से उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान
3 जून : राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश की संभावना है। अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, संगरूर, होशियारपुर, गुरदासपुर और पठानकोट सहित कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज झोंकों वाली हवाओं का अनुमान है।
4 जून: पंजाब के अधिकांश जिलों में मौसम खराब रह सकता है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।
5 जून: पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इन इलाकों में तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले क्षेत्रों में बिजली कड़कने के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
पिछला लेखMoney Laundering केस में ED के सामने पेश हुए विधायक रमन अरोड़ा, PMLA के तहत दर्ज हुआ बयान
अगला लेखPunjab में प्रशासनिक फेरबदल: 4 PCS अधिकारियों का हुआ तबादला