इस अवसर पर एबीवीपी की 75 वर्ष की यात्रा की पुस्तक “ध्येय यात्रा” भी संत निरंजन दास जी को भेंट की गई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री देवदत्त जोशी जी की मौजूदगी में डेरा सचखंड बल्लां पहुँचा। जहाँ प्रतिनिधिमंडल ने संत निरंजन दास से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उत्तर क्षेत्र संगठन मंत्री गौरव अत्तरी जी, पंजाब प्रांत संगठन मंत्री शमशेर सिंह जी, एबीवीपी पंजाब के प्रांत सह मंत्री अंकित कुंदरा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा विद्यार्थी शक्ति के सकारात्मक योगदान जैसे विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और चरित्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए एबीवीपी द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

प्रतिनिधिमंडल ने संत निरंजन दास जी को गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में एबीवीपी द्वारा देशभर के परिसरों तथा समाज में आयोजित एवं प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगोष्ठियों, व्याख्यानों, सामाजिक समरसता कार्यक्रमों, परिसर गतिविधियों, युवा संवादों तथा जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय, बंधुत्व और राष्ट्रीय एकता के संदेश को युवा पीढ़ी तक पहुँचाया जा रहा है।

इस अवसर पर एबीवीपी की 75 वर्ष की यात्रा की पुस्तक “ध्येय यात्रा” भी संत निरंजन दास जी को भेंट की गई। संत निरंजन दास जी ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चरित्र, सामाजिक उत्तरदायित्व और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु एबीवीपी के प्रयासों की सराहना की तथा प्रतिनिधिमंडल को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए युवाओं से चरित्र निर्माण, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संत महापुरुषों का मार्गदर्शन सदैव विद्यार्थी आंदोलन के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है और एबीवीपी सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना तथा राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।