अमृतसर के जंडियाला गुरु स्थित मुख्य बाजार में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
इस हादसे में दो दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, जबकि अंदर रखा लाखों रुपये का सामान राख हो गया। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आग की चपेट में एक बर्तन की दुकान और एक फ्रूट-जूस स्टोर आ गए। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
देखते ही देखते फैली आग
जानकारी के मुताबिक, बाजार में अचानक आग की लपटें दिखाई देने लगीं। कुछ ही समय में आग ने दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दुकानदारों को इसकी जानकारी दी और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। बाद में दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।
बर्तन स्टोर और जूस शॉप का सामान जलकर खाक
आग के कारण दोनों दुकानों में रखा सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया। बर्तन स्टोर के मालिक ने बताया कि यह दुकान उनके परिवार की कई वर्षों की मेहनत का नतीजा थी, लेकिन कुछ ही देर में सब कुछ खत्म हो गया। उन्होंने बताया कि आग से कारोबार को भारी नुकसान पहुंचा है और सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की गई है।
वहीं, फ्रूट-जूस दुकान के मालिक ने बताया कि उन्हें रात में फोन के जरिए आग लगने की जानकारी मिली। जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान पूरी तरह आग की चपेट में थी। उन्होंने बताया कि फ्रिज, जूस बनाने वाली मशीनें और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष सतिंदर सिंह, उपाध्यक्ष अमन विरक और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।