होम latest News Punjab Weather: पंजाब में मॉनसून की रफ्तार धीमी, 16 जिलों में हल्की...

Punjab Weather: पंजाब में मॉनसून की रफ्तार धीमी, 16 जिलों में हल्की बारिश के आसार

0

पंजाब में फिलहाल मॉनसून का असर कमजोर दिखाई दे रहा है।

 मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार के लिए किसी बड़े मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और करीब 16 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
बीते दिन राज्य के अधिकतम तापमान में लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया। सबसे अधिक गर्मी बठिंडा में महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

16 जिलों में हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

इस राज्य में छाए रहेंगे बादल

Google search engine
चंडीगढ़ में दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। संभावित आंधी को देखते हुए नगर निगम ने लोगों से पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
सोमवार को मोहाली, जालंधर और आसपास के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, चंडीगढ़ में करीब 4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे कुछ समय के लिए मौसम सुहावना हो गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय मुख्य मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसकी हुई है। साथ ही पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन इन दोनों प्रणालियों का पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर फिलहाल सीमित प्रभाव पड़ रहा है।
इसी कारण राज्य में ब्रेक-मॉनसून जैसी स्थिति बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक केवल चुनिंदा इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान करती रहेगी।

21 से 22 जुलाई के आसपास मॉनसून दोबारा हो सकता है सक्रिय

विशेषज्ञों का अनुमान है कि जब मॉनसून ट्रफ फिर से दक्षिण की ओर लौटेगी, तब 21 से 22 जुलाई के आसपास मॉनसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। इसके बाद राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पिछला लेखPM Narendra Modi 17 को Jalandhar से वीसी से ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
अगला लेखIND vs ENG: गौतम गंभीर और विराट कोहली में बातचीत बंद! टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन से खड़ा हुआ नया विवाद