प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर दौरे पर रहेंगे, जहां वे पुनर्निर्मित कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने आज शहर पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, पुलिस कमिश्नर और कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSPs) को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री जैसे अति-विशिष्ट वीआईपी के दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है।

डीजीपी ने सुरक्षा तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
डीजीपी गौरव यादव ने संभाली कमान
डीजीपी ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
सुरक्षा समीक्षा के इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान डीजीपी के साथ जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा, पंजाब के विभिन्न जिलों से बुलाए गए एसएसपी (SSP) रैंक के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए खोजी कुत्तों और बम निरोधक दस्ते की मदद ली जा रही है।













