पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, जालंधर रेंज ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।
पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), जालंधर रेंज ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 536 ग्राम हेरोइन और एक हीरो डेस्टिनी स्कूटी बरामद की है।
एएनटीएफ जालंधर रेंज की एआईजी वत्सला गुप्ता (आईपीएस) ने बताया कि यह कार्रवाई एएनटीएफ पंजाब के एडीजीपी निलाभ किशोर (आईपीएस) और डीएसपी बिक्रमजीत सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। इसी अभियान के तहत 23 जुलाई को एएनटीएफ टीम ने अमृतसर बाईपास पर इंडिया गेट से आगे बिजली ग्रिड के सामने खाली जगह पर नाकाबंदी की। इस दौरान टीम ने आरोपी अमनदीप शर्मा उर्फ डॉन को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अमनदीप शर्मा उर्फ डॉन पुत्र राजिंदर कुमार, निवासी गली नंबर 9, आजाद नगर छेहरटा, जिला अमृतसर का रहने वाला है। उसकी स्कूटी (नंबर PB-02-FG-4276) से हेरोइन बरामद होने के बाद एएसआई मनजीत सिंह की ओर से थाना एएनटीएफ, एसएएस नगर (मोहाली) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
आरोपी के नशा नेटवर्क की जांच में जुटी एंटी नारकोटिक्स टीम
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 10वीं पास है और कपड़ों का कारोबार करता है। पुलिस के अनुसार, जल्दी अमीर बनने और महंगे शौक पूरे करने के लालच में वह हेरोइन तस्करी के धंधे में शामिल हो गया। एंटी नारकोटिक्स टीम अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है, ताकि नशा सप्लाई के पूरे नेटवर्क और शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।