चंडीगढ़ के स्कूलों और पंजाब यूनिवर्सिटी को बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल भेजा गया है।
ई-मेल में चंडीगढ़ के स्कूलों, पुलिस थानों और पंजाब यूनिवर्सिटी में बम धमाके करने की धमकी दी गई है। ई-मेल में 15 अगस्त के कार्यक्रमों में लोगों को शामिल नहीं होने की चेतावनी भी दी गई है।
यह ई-मेल 11 अगस्त को सुबह करीब 7:50 बजे भेजा गया। इसमें चंडीगढ़ के स्कूलों के अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी केंद्र, वाइंस चांसलर आफिस और गांधी भवन का भी जिक्र किया गया है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुलिस टीम, बम जांच दल और डॉग स्क्वायड ने स्कूलों में पहुंचकर जांच की। स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों की भी जांच की गई।
इन स्कूलों को धमकी
कर्मेल कॉन्वेंट स्कूल सेक्टर-9बी
सेंट जॉन्स हाई स्कूल सेक्टर-26
सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-26
सेंट स्टीफंस स्कूल सेक्टर-45बी शामिल हैं।
बम की जांच करती पुलिस।
15 अगस्त के कार्यक्रमों से दूर रहने की धमकी
ई-मेल में लोगों से कहा गया है कि वे अपने बच्चों को बचाएं और 15 अगस्त के किसी भी कार्यक्रम में शामिल न हों। इसमें घर में रहने और जान बचाने की बात कही गई है। ई-मेल में चंडीगढ़ पुलिस के थानों पर 15 अगस्त तक ग्रेनेड से हमले किए जाने की धमकी भी दी गई है। इसके अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी में हिंदी और हिंदू समुदाय को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं।
स्कूल में आई धमकी वाली ई-मेल।
खालिस्तान का समर्थन करने वाले नारे और नाम
ई-मेल में अलगाववादी खालिस्तान की मांग के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। इसमें चंडीगढ़ को खालिस्तान का हिस्सा बनाने की बात भी कही गई है। ई-मेल के अंत में कई लोगों के नाम लिखे गए हैं और एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े व्यक्ति का भी उल्लेख किया गया है।
धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति और उसके पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ई-मेल में दी गई धमकी वास्तविक है या किसी ने डर फैलाने के लिए इसे भेजा है।
स्कूल में जांच करती पुलिस।
चारों स्कूलों में जांच, कुछ संदिग्ध नहीं मिला
धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी चारों स्कूलों की सुरक्षा जांच शुरू की। बम जांच दल और डॉग स्क्वायड ने स्कूल परिसर के अंदर और आसपास के क्षेत्रों को खंगाला। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान किसी भी स्कूल से कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पुलिस धमकी भेजने वाले के बारे में जानकारी जुटा रही है। ई-मेल कहां से भेजी गई और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है।
पहले भी कई बार मिल चुकी धमकी
चंडीगढ़ में सरकारी और सार्वजनिक स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी पहले भी कई बार मिल चुकी है। शहर के स्कूलों, हाईकोर्ट, जिला अदालत, बस स्टैंड, पासपोर्ट कार्यालय और पंजाब सचिवालय समेत कई जगहों को पहले भी बम से उड़ाने की धमकियां दी जा चुकी हैं। कुछ समय पहले चंडीगढ़ स्थित पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय के सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को भी ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली थी।