शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर व सुचारु बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है।

इसी कड़ी में बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने मंगलवार को जालंधर के 50 प्रमुख चौकों पर ट्रैफिक सिग्नलों के नवीनीकरण कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर करीब 14 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिससे शहर के यातायात तंत्र को आधुनिक रूप मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली को आधुनिक और प्रभावी बनाना बेहद जरूरी हो गया था।
उन्होंने बताया कि नवीनीकरण के बाद इन चौकों पर ट्रैफिक को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे वाहन चालकों को व्यवस्थित यातायात सुविधा मिलने के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। इस आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्रणाली से सड़कों पर आवाजाही के सुचारु संचालन और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
मेयर विनीत धीर जानकारी देते हुए।
मेयर विनीत धीर जानकारी देते हुए।
मेयर बोले- लोगों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास
मेयर विनीत धीर और चेयरमैन पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी कमीशन चंदन ग्रेवाल ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब सरकार शहरों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
यह 14 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट इसी दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस उद्घाटन समारोह के दौरान ‘आप’ नेता नीतिन कोहली, राजविंदर कौर थियाड़ा और डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पिछला लेखJalandhar में व्यापारी की गाड़ी से बैग चोरी:₹10 लाख कैश था, नाबालिग निकालकर ले जाता दिखा, टायर में 3 जगह मारे गए थे सुए
अगला लेखAmritsar में बुजुर्ग से भिड़ी महिला:एक-दूसरे पर हाथ उठाए; रास्ता खोलने को लेकर बहसबाजी, बच्चों को थाने ले जाने का चल रहा था विरोध