6,000 से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना

लुधियाना में 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली एआरओ लुधियाना अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर सहायक कमिश्नर (जनरल) पायल गोयल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में डायरेक्टर रिक्रूटमेंट, आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस लुधियाना कर्नल प्रवीण कुमार सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीईई पास योग्य युवा होंगे शामिल
जोनल रिक्रूटमेंट ऑफिस जालंधर के अधीन आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस लुधियाना द्वारा वज्र कोर के जवानों के सहयोग से यह भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इसमें लुधियाना, मोगा, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) के वे पात्र युवा हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) सफलतापूर्वक पास किया है।
आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस लुधियाना के डायरेक्टर रिक्रूटमेंट कर्नल प्रवीण कुमार ने बताया कि भर्ती रैली में 6,000 से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर पूरी भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया, ताकि उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पानी, सफाई और मेडिकल सुविधाओं पर विशेष जोर
सहायक कमिश्नर (जनरल) पायल गोयल ने संबंधित विभागों को भर्ती रैली के दौरान उम्मीदवारों के लिए पीने के पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और मेडिकल सुविधाओं सहित सभी जरूरी इंतजाम समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले उम्मीदवारों को देखते हुए व्यवस्थाओं की पहले से समीक्षा की जाए और भर्ती प्रक्रिया के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
पिछला लेखPunjab सरकार बोली- देश में सबसे अधिक सैलरी दे रहे:2024 में DA बढ़ाकर 42% किया, मुलाजिमों पर कुल रेवेन्यू का 51% हिस्सा खर्च
अगला लेखTaapsee Pannu: बॉक्स ऑफिस से ज्यादा फिल्मों की क्वालिटी को दी तवज्जो, बोलीं- फिल्मोग्राफी हमेशा रहेगी