Ferozepur News: पंजाब के फिरोजपुर में चोरी के आरोपों से कथित तौर पर परेशान होकर एक व्यक्ति द्वारा नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर दो लोगों के खिलाफ Suicide के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चोरी के आरोपों को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो घल्लखुर्द में किराये की दुकान लेकर कबाड़ का कारोबार करता था। उसकी दुकान के पास फिरोजशाह गांव के रहने वाले केवल सिंह और कुलवंत सिंह की दुकानें थीं।
मृतक की पत्नी नीलम रानी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि 7 अक्टूबर को दोनों आरोपियों की दुकानों में चोरी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने उसके पति पर चोरी का आरोप लगाया। मामले को लेकर पंचायत भी हुई, जहां सुमित कुमार ने चोरी करने से इनकार किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बावजूद उसे कथित तौर पर परेशान किया जाता रहा।
फोन कॉल के बाद नहर में लगाई छलांग
नीलम रानी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को उसका पति गुरु घर जामनी साहिब में माथा टेकने गया था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे फोन किया और कथित तौर पर चोरी हुए सामान की भरपाई उससे करने की बात कही।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस घटना से परेशान होकर सुमित कुमार ने गांव शेरखां के पास नहर में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
थाना कुलगढ़ी में तैनात ASI बलदेव सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर केवल सिंह और कुलवंत सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के बयानों पर आधारित हैं। आरोपियों की दोषसिद्धि अदालत में साबित होना बाकी है।








