अर्बन एस्टेट फोकल पॉइंट निवासी सोनू ने बताया कि उनकी जंडू स्टील नाम से स्टील की फैक्ट्री है।
लुधियाना के गोल मार्केट में मामूली कहासुनी के बाद किआ सेल्टोस सवार बदमाशों ने देर रात एक फैक्ट्री मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ पीड़ित को पत्नी के सामने बुरी तरह पीटा बल्कि उसकी सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घायल अवस्था में सोनू को लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अर्बन एस्टेट फोकल पॉइंट निवासी सोनू ने बताया कि उनकी जंडू स्टील नाम से स्टील की फैक्ट्री है। वह अपनी पत्नी के साथ कार में जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने गोल मार्केट के पास से गाड़ी टर्न की वहां खड़े एक अज्ञात युवक ने उन्हें बिना किसी वजह के गाली दे दी। सोनू ने जब गाली देने का कारण पूछा तो आरोपी भड़क गया। उसने सोनू की सोने की चेन पर झपट्टा मारा और हाथापाई शुरू कर दी।
मारपीट की घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित सोनू।
कार के अंदर घुसकर मारे मुक्के, महिला भी मारपीट में शामिल
पीड़ित सोनू के मुताबिक आरोपी ने उन्हें कार के अंदर ही बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी के साथ मौजूद एक महिला ने भी उनके साथ हाथापाई की। सोनू ने खुद को और अपनी सोने की चेन बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आरोपी मारपीट कर चेन लेकर अपनी किआ सेल्टोस गाड़ी में बैठ गए। सोनू ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन हमलावर तेजी से कार भगा ले गए।
चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें, पुलिस कर रही है जांच
हमले में सोनू के चेहरे और शरीर पर चोटें आई हैं। खून से लथपथ हालत में उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने मौके से ही पुलिस कंट्रोल रूम (100 नंबर) पर कॉल की थी, जिसके बाद उन्हें 112 से रिप्लाई आया। पुलिस को कार के मॉडल और पूरी घटना की डिटेल दे दी गई है। पीड़ित सोनू ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उन्हें इंसाफ दिलाया जाए।