कोटकपूरा के इस मजदूर परिवार के लिए 7 रुपये का टिकट बड़ी खुशखबरी लेकर आया है.
पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में एक मजदूर परिवार की किस्मत रातोंरात चमक गई. परिवार की महिला बिमला देवी ने महज 7 रुपये का लॉटरी टिकट खरीदा था, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकल आया. यह टिकट सिक्किम सरकार की लॉटरी का था. इनाम की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. जिस परिवार के लिए आर्थिक जरूरतें पूरी करना चुनौती थी, अब उसे बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने की उम्मीद जगी है.
बिमला देवी के पति मजदूरी करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है. बिमला देवी एक दिन शाम को कोटकपूरा के रेलवे रोड पर कुछ सामान खरीदने गई थीं. इसी दौरान उनका लॉटरी टिकट खरीदने का मन हुआ. उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्टार लॉटरी स्टॉल से महज 7 रुपये का टिकट खरीद लिया.
उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह छोटा-सा टिकट उनके परिवार की जिंदगी बदल सकता है. अगले दिन शाम को लॉटरी का रिजल्ट आया तो पता चला कि उनके टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है. यह जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य खुशी से झूम उठे.
लॉटरी स्टॉल पर पहुंचा परिवार
इनाम निकलने की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य लॉटरी स्टॉल पर पहुंचे. वहां दुकानदार नरेश मोंगा ने बिमला देवी और उनके परिवार का मुंह मीठा कराया. इस बड़ी जीत की खुशी में दुकानदार ने भंगड़ा डालकर अपनी खुशी भी जाहिर की. नरेश मोंगा ने परिवार को बधाई दी. उनके मुताबिक, दुकान से पहले भी कई बार लाखों रुपये के इनाम निकल चुके हैं, लेकिन एक करोड़ रुपये का इनाम पहली बार निकला है.
बच्चों का भविष्य संवारना चाहती हैं बिमला देवी
लॉटरी जीतने के बाद बिमला देवी ने कहा कि इस रकम से उनके परिवार की आर्थिक परेशानियां दूर करने में मदद मिलेगी. सबसे ज्यादा खुशी उन्हें इस बात की है कि अब वह अपने बच्चों की बेहतर परवरिश और उनके भविष्य के लिए कुछ कर सकेंगी.
उन्होंने बताया कि अभी तक परिवार ने इनाम की रकम खर्च करने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. घर के सदस्यों के साथ बातचीत करने के बाद तय किया जाएगा कि पैसे का इस्तेमाल किस तरह किया जाए. उनकी योजना बच्चों के लिए कोई कारोबार शुरू करने की है, ताकि आगे चलकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके.
दुकानदार के लिए भी खास रहा एक करोड़ का इनाम
स्टार लॉटरी स्टॉल के संचालक नरेश मोंगा ने बताया कि वह पिछले छह महीने से लॉटरी टिकट बेचने का काम कर रहे हैं. कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी दुकान रेलवे स्टेशन के पास शिफ्ट की थी. उन्होंने कहा कि उनकी दुकान से पहले भी कई लोगों को लाखों रुपये के इनाम मिल चुके हैं, लेकिन पहली बार किसी टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है. इस वजह से यह मौका उनके लिए भी बेहद खास है.