मोगा के अंगदपुरा इलाके में स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने एक दुकान के बाहर बैठे लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
पंजाब के मोगा में फयरिंग की गई है, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मृतकों की पहचान 30 वर्षीय गगन जिंदल और 40 वर्षीय साहिल जिंदल के रूप में हुई. दोनों एक ही परिवार से बताए जा रहे हैं.घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. फायरिंग की ये घटना मोगा के अंगदपुरा इलाके में हुई. जानकारी के अनुसार, यहां स्कॉर्पियों में आए हमलावरों ने एक दुकान के बाहर बैठे लोगों के ग्रुप पर फायरिंग कर दी.
शुरुआती जानकारी में यह हमला पुरानी रंजिश के चलते माना जा रहा है. गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. मोगा पुलिस प्रमुख सरताज सिंह चहल ने बताया कि फायरिंग की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. मामले की जांच की जा रही है. वहीं बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने इस अपराध को लेकर भगवंत मान सरकार को निशाने पर लिया.
रवनीत सिंह बिट्टू ने क्या कहा?
रवनीत सिंह बिट्टू ने एक्स पर अपनी एक पोस्ट में कहा, ‘अंगदपुरा मोहल्ले में स्कॉर्पियो सवार हथियारबंद लोगों ने कई राउंड फायरिंग की. ये घटना पंजाब में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है. भगवंत मान, ज़मीनी हकीकत को समझने के लिए आपकी सरकार को और कितनी गोलीबारी की घटनाओं का इंतजार है? अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं, जबकि आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं.’
लुधियाना में कर दी गई थी हत्या
रवनीत सिंह बिट्टू ने आगे कहा कि आपने ‘रंगला पंजाब’ (खुशहाल पंजाब) का वादा किया था, लेकिन आज लोग अपनी जान और चारों तरफ फैली अराजकता को लेकर चिंतित हैं. क्या पंजाब में अब किसी को कानून का डर रह गया है? इस नाकामी के लिए कौन जिम्मेदार है? बता दें कि इससे पहले शनिवार को लुधियाना में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी. उसका कटा हाथ एक किराने की दुकान पर प्लास्टिक की थैली में छोड़ दिया गया था.