कृति सेनन करीब 12 साल से फिल्मी दुनिया में एक्टिव हैं.
कृति सेनन ने फिल्म ‘हीरोपंती’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने अपने करियर में काफी लंबा सफर तय किया है. नेशनल अवॉर्ड जीतने से लेकर अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू करने तक, कृति ने हमेशा कुछ नया करने की कोशिश की है. अब अपने करियर में करीब 20 फिल्मों में काम करने के बाद एक्ट्रेस ने उन किरदारों के बारे में बात की है, जिन्हें वह आगे निभाना चाहती हैं.
करीना कपूर के शो ‘What Women Want’ के एक एपिसोड में कृति सेनन ने बताया कि वह ऐसे किरदार निभाना चाहती हैं, जो उन्हें उनके कंफर्ट जोन से बाहर निकालें. इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि करियर की शुरुआत में उन्हें बार-बार एक जैसे रोल मिलते थे, जिससे वो बोर हो गई थी.
अच्छी लड़की वाले रोल करके बोर हो गई थीं कृति सेनन
करीना कपूर ने जब कृति से पूछा कि वह किस तरह के किरदार निभाना चाहती हैं, जो उनके लिए चैलेंजिंग हों, तो एक्ट्रेस ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब उनके पास चुनने के लिए ज्यादा ऑप्शन नहीं थे. ऐसे में उन्हें जो भी किरदार ऑफर होते थे, उनमें से बेहतर चुनने की कोशिश करती थीं.
कृति ने कहा, “आपको शुरुआत में ही सभी बेहतरीन मौके नहीं मिल जाते. लंबे समय तक मुझे अच्छी लड़की वाले किरदार ही मिलते रहे. काफी समय तक फिल्मों में महिलाओं को पुरुषों की नजर से दिखाया जाता था. यानी ऐसी लड़की जो संस्कारी हो, शर्मीली हो, कभी कुछ गलत न करे और जिसे गुंडों से बचाने के लिए किसी की जरूरत पड़े.”
उन्होंने आगे कहा, “अब यह देखकर अच्छा लगता है कि लेखकों ने महिलाओं के लिए ज्यादा असली और इंसानी किरदार लिखने शुरू कर दिए हैं. ऐसे किरदार जो हमेशा सही नहीं होते, जिनसे गलतियां होती हैं और जो कभी-कभी नैतिक रूप से गलत फैसले भी लेते हैं. मैं अच्छी लड़की वाले किरदार निभाकर बोर हो गई थी. असल जिंदगी में भी मेरे अंदर हमेशा अच्छी लड़की बने रहने की आदत है.”
‘दो पत्ती’ में डबल रोल निभाना रहा अलग अनुभव
कृति सेनन ने अपनी फिल्म ‘दो पत्ती’ में डबल रोल निभाने के अनुभव के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि एक ऐसे किरदार को निभाना उनके लिए काफी अलग था, जो स्वार्थी और दूसरों के साथ बुरा व्यवहार करने वाला था. इस तरह के किरदार ने उन्हें अपनी एक्टिंग के नए पहलुओं को तलाशने का मौका दिया है.
हाल ही में उन्होंने होमी अदजानिया की फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में अपने काम के लिए भी तारीफें बटोरीं. कृति अब ऐसे किरदारों को चुनना चाहती हैं, जो सिर्फ अच्छे या बुरे होने तक सीमित न हों, बल्कि उनमें इंसानों की तरह कमियां और खूबियां भी दिखाई दें.