Punjab Pro Tv (PPTV News): लुधियाना के किचलू नगर स्थित प्रसिद्ध राम दरबार मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर करीब 1.5 किलो वजन का चांदी का सामान और गोलक तोड़कर लगभग ₹25 हजार की नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन में रोष है।
मंदिर प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 30 जुलाई को दो अज्ञात व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुए। आरोपियों ने मंदिर के सेवास्थल से चांदी का चंवर/छत्र, चांदी की बांसुरी, गौ माता की मूर्ति, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की चांदी की मूर्तियां चोरी कर लीं। चोरी हुए सामान का कुल वजन करीब 1.5 किलो बताया गया है।
चोरों ने मंदिर में रखी गोलक को भी तोड़ दिया और उसमें रखी करीब ₹25 हजार की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर कमेटी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
थाना PAU पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।








