पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पंजाब पुलिस के वरिष्ठ कांस्टेबल विनोद कुमार की वीरता और समर्पण को सलाम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विनोद कुमार का कर्तव्य के प्रति समर्पण और लगन हमेशा याद रहेगी। दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार शहीद के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने घोषणा की कि पंजाब सरकार द्वारा परिवार को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, साथ ही एचडीएफसी बैंक द्वारा परिवार को 1 करोड़ रुपये का बीमा भी प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यद्यपि धन जीवन की जगह नहीं ले सकता, फिर भी शहीदों के परिवारों की जिम्मेदारी लेना और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार का कर्तव्य है। विनोद कुमार का महान बलिदान सदा प्रेरणादायक रहेगा।
पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
गुरदासपुर जिले के मान कौर बाईपास गांव के पास पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारण और घटना की सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरदासपुर सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में रख दिया है। गुरदासपुर एसएसपी आदित्य ने बताया कि परिवार का कहना है कि मृतक को गोली मारी गई थी, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा।
पिछला लेखUP से पंजाब तक विधानसभा चुनाव की तैयारी… कांग्रेस ने 5 राज्यों की स्क्रीनिंग कमेटी का किया गठन
अगला लेखIND vs NZ: शुभमन गिल की 4 पेसर खिलाने की योजना, पंत भी तैयार, पहले टेस्ट में ये हो सकती है टीम इंडिया की Playing XI