पेलेट गन के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी केंद्र सरकार पर हमलावर रुख अपनाए हुए हैं. वह शुक्रवार को घायल शख्स साहिल के साथ दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे और FIR दर्ज करने की मांग की. राहुल ने कहा कि 20 जुलाई को जंतर मंतर पर पेलेट गन चली. साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे लगे. उनकी आंख में 3 छर्रे हैं. साहिल की आंख की रोशनी खतरे में है. 13 अगस्त से हम चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन शिकायत नहीं दर्ज हो रही है.

राहुल गांधी ने कहा, ’20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया था. एम्स की रिपोर्ट साफ कहती है कि उनके शरीर के अंदर 200 से ज्यादा छर्रे हैं और 3 छर्रे उनकी आंख में हैं. उनकी उस आंख की रोशनी चली गई है. उनके दिल के पास भी छर्रे हैं जिन्हें छुआ नहीं जा सकता. दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्होंने पेलेट गन नहीं चलाई. तो, बस एक ही सवाल है कि किसी ने तो ऐसा किया ही होगा… अपराध तो हुआ ही है… हम मांग कर रहे हैं कि FIR दर्ज की जाए. उन्होंने हमें बताया कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है और वे FIR दर्ज नहीं कर सकते. जब तक FIR दर्ज नहीं हो जाती, हम यहां से नहीं हटेंगे… हम बस इस परिवार के लिए न्याय चाहते हैं… इस देश में, अमित शाह का गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के लोग न्याय नहीं होने देंगे.’

Google search engine

साहिल को न्याय दिलाकर रहूंगा: राहुल गांधी

बता दें कि राहुल आज साहिल के साथ FIR दर्ज कराने संसद मार्ग के DCP कार्यालय पहुंचे. उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साहिल पर पुलिस ने पेलेट गन से हमला किया. शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ ऐसी बर्बरता कोई कानूनी कार्रवाई नहीं, एक गंभीर अपराध है. इस क्रूरता के लिए न गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों को कोई सफाई दी, न प्रधानमंत्री ने उनसे माफ़ी मांगी.

राहुल ने कहा कि अब जब साहिल न्याय के लिए FIR दर्ज कराना चाहता है तो वो भी नहीं करने दिया जा रहा. इस तरह संविधान और संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा है. अमित शाह न्याय से इतना क्यों घबरा रहे हैं. ये डर दिखा रहा है कि आप अपना अपराध कबूल कर रहे हैं. FIR होगी. न्यायिक जांच होगी और ऊपर से नीचे तक जो भी इस बर्बरता के दोषी हैं, उन सभी पर कार्रवाई होगी. साहिल और उसके जैसे पीड़ित हर छात्र को हम न्याय दिलाकर रहेंगे.

साहिल की वकील का क्या बयान?

पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में साहिल के वकील ने कहा कि 14 अगस्त को हम कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन गए थे. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर से जुड़े सभी मामले पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन भेज दिए गए हैं. हम यहां आए. उन्होंने हमें बताया कि घटना कनॉट प्लेस इलाके में हुई है, इसलिए हमें वहीं जाना चाहिए. हम वापस उनके पास गए. जैसे ही उन्होंने शिकायत पढ़ी, उन्होंने उसे हमें वापस कर दिया और हमें काफी देर तक वहीं बिठाए रखा. SHO ने मुझसे फ़ोन पर बात की और कहा कि वे यह केस नहीं लेंगे क्योंकि उन्हें ऊपर से आदेश मिले हैं… आखिर में, हमने DCP क्राइम ब्रांच से संपर्क किया और हमें बताया गया कि शिकायतें सीधे वहां नहीं पहुंचतीं.

वकील ने आगे कहा कि नेता विपक्ष के यहां आने के बाद शिकायत पर सिर्फ मुहर लगाई गई, लेकिन अभी भी FIR दर्ज नहीं की जा रही है. यह साफतौर पर एक अपराध है. हमारे पास लेडी हार्डिंग अस्पताल की MLC कॉपी है जिसमें घाव और उनसे खून बहने का ज़िक्र है.

राहुल के धरने पर क्या बोली बीजेपी?

राहुल गांधी के धरने पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी अराजकता की राजनीति करते हैं. अभी वे बिना किसी इजाजत या पहले से जानकारी दिए पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठे हैं. पुलिस ने उन्हें बताया है कि जिस घटना का वे ज़िक्र कर रहे हैं, उस पर पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है और उसकी जांच चल रही है.

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इसकी जांच के लिए एक हाई-पावर्ड कमेटी बनाई है. राहुल गांधी, क्या आप किसी भी कानून का सम्मान नहीं करना चाहते? हमें शक है और हमारा आरोप है कि कांग्रेस अब राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ पर अपने रुख की वजह से फंसी हुई है. राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस अभी जो कर रही है, हम उसकी निंदा करते हैं.

पिछला लेखJalandhar में पंजाब बंद का असर, हाईवे पर यातायात रुका; चौकों पर जत्थेबंदियों का धरना
अगला लेखHockey World Cup 2026: भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए करना होगा ये ‘चमत्कार