बैठक में जालंधर रेंज के DIG, SP समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

जालंधर में पंजाब पुलिस के पब्लिक ग्रीवेंस यानी शिकायत निवारण सिस्टम को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजाब पुलिस के एडीजीपी ए.एस. राय ने अधिकारियों के साथ शिकायतों के निपटारे में आ रही जमीनी समस्याओं और व्यवस्था को बेहतर बनाने के सुझावों पर चर्चा की।
बैठक में जालंधर रेंज के DIG, SP समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सामने आए सुझावों को पंजाब पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ में DGP के समक्ष रखा जाएगा।
शिकायत दर्ज होने के बाद भी थानों के चक्कर लगाने की समस्या
एडीजीपी ए.एस. राय ने माना कि मौजूदा व्यवस्था में शिकायत दर्ज होने और शिकायतकर्ता को SMS के जरिए सूचना मिलने के बावजूद कई लोगों को अपनी शिकायत के लिए बार-बार थानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि सिस्टम में ऐसा बदलाव लाने की जरूरत है, जिससे शिकायतकर्ता को समय पर उचित जवाब मिले और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय हो सके। शिकायतों की जांच और निपटारे की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ग्राउंड लेवल पर जाकर समस्याएं समझने पर जोर
एडीजीपी ने कहा कि जालंधर आने का मुख्य उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को जमीनी स्तर पर समझना है। उनके मुताबिक, जब तक पुलिस कर्मचारी मौके और ग्राउंड लेवल पर जाकर लोगों की समस्याओं को नहीं समझेंगे, तब तक उनका प्रभावी समाधान करना मुश्किल होगा।
इसी सोच के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जमीनी स्तर पर जाकर शिकायतों को समझने और उनका समाधान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
महिलाओं की शिकायतों के लिए ‘सांझ केंद्र’ पर फोकस
महिलाओं से जुड़ी शिकायतों और उनकी समस्याओं को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। एडीजीपी ने बताया कि सांझ केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिला की समस्या को एक दूसरी महिला बेहतर तरीके से समझ सकती है। इसी उद्देश्य से सांझ केंद्रों में महिला कर्मियों की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि महिलाएं अपनी शिकायतें अधिक सहजता से सामने रख सकें।
पुलिस और जनता के बीच दूरी कम करना प्राथमिकता
एडीजीपी ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बढ़ती दूरी को कम करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आतंकवाद के कठिन दौर के दौरान पुलिस और जनता के बीच मजबूत सहयोग ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अब इसी तरह पुलिस और जनता के बीच भरोसे और सहयोग की भावना को फिर से मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
पिछला लेखकागजी शेर साबित हुआ इस्लामिक NATO? हूती से जंग में पिट रहे सऊदी को अब तक बचाने नहीं आए पाकिस्तान-तुर्की
अगला लेखPunjab की राजनीति में शोक की लहर! पूर्व कैबिनेट मंत्री Bhagat Chunni Lal का निधन