शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य और अकाली दल के नेता अमरजीत सिंह चावला ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के फैसले पर सवाल उठाए हैं।
सोमवार को फेसबुक लाइव आकर चावला ने कहा कि उनके मामले में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत को अनदेखा किया गया। किसी भी व्यक्ति पर कार्रवाई से पहले उसका पक्ष सुना जाना चाहिए, लेकिन उनके साथ ऐसा नहीं हुआ।
चावला ने कहा कि जत्थेदार साहिब को एकतरफा फैसला लेने के बजाय उन्हें बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने का मौका देना चाहिए था। उन्होंने बताया कि यह मामला अभी अदालत में चल रहा है। पुलिस की एफआईआर के बाद बयान भी दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद उनके खिलाफ बिना किसी जांच के जल्दबाजी में फैसला सुना दिया गया।
कमेटी बनाकर जांच क्यों नहीं की गई? चावला ने अपनी 35 साल की पंथ सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि उनके लंबे योगदान को अनदेखा किया गया है। उन्होंने पूर्व अकाली नेता सुच्चा सिंह लंगाह का मामला बताया। उस मामले में वीडियो सबूत होने के बाद भी श्री अकाल तख्त साहिब ने एक जांच कमेटी बनाई थी। चावला ने पूछा कि उनके मामले में ऐसी कमेटी बनाकर जांच क्यों नहीं की गई?
चावला बोले- किसी जांच से पीछे नहीं हट रहे चावला ने साफ किया कि वे किसी जांच से पीछे नहीं हट रहे हैं। अगर निष्पक्ष जांच में उनकी गलती साबित होती है तो वे हर नतीजा भुगतने को तैयार हैं। ‘बहरीन से आई महिला’ से जुड़े विवाद पर चावला ने कहा कि वे जल्द ही नए वीडियो जारी करेंगे। इनमें संगत के सामने पूरा सच रखेंगे और बताएंगे कि उस महिला को किसने और क्यों बुलाया था। आखिर में उन्होंने जत्थेदार साहिब से अपील की कि भविष्य में सभी पक्षों को सुनकर ही निष्पक्ष फैसला लेना चाहिए।
महिला ने क्या आरोप लगाए, 3 पॉइंट में पढ़िए…
- धार्मिक यात्रा पर आई थी: महिला मालवा क्षेत्र से संबंधित है जो 25 सालों से बहरीन में रह रही हैं। FIR के अनुसार वारदात 27 फरवरी से 19 अगस्त, 2026 के बीच की बताई गई है। महिला ने बताया कि वह धार्मिक यात्रा पर श्री आनंदपुर साहिब आई थी।
- बंधक बनाया, कई बार रेप किया: महिला का आरोप है कि चावला उसे अलग-अलग सराय/कमरों में ले गया। यहां बंधक बनाया और कई बार रेप किया। विरोध करने पर धमकाया गया, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन सेवादार ने उसे अस्पताल पहुंचाकर बचा लिया।
- जत्थेदार से भी न्याय की गुहार लगाई: महिला ने दावा किया कि उसने SGPC प्रधान हरजिंदर सिंह धामी व श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज सहित कई पंथक हस्तियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी।
चावला ने सुखबीर बादल और धामी को इस्तीफा भेजा अमरजीत सिंह चावला ने ने SGPC सदस्यता और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी को भेज दिया है।