अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को अमृतसर स्थित सचखंड श्री दरबार साहिब (गोल्डन टेंपल) में नतमस्तक होकर गुरु घर का आशीर्वाद लिया।
उनके साथ कई कांग्रेसी नेता और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। श्री दरबार साहिब पहुंचने पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
15 साल बाद दूसरी बार पहुंचे दरबार साहिब SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर 15 साल बाद दूसरी बार श्री दरबार साहिब के दर्शनों के लिए आए हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी पुरानी यादें साझा कीं। धामी ने बताया कि SGPC की ओर से राजदूत का स्वागत किया गया और सिख समुदाय से जुड़े कुछ अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजदूत को कोई औपचारिक मांगपत्र (मेमोरेंडम) नहीं सौंपा गया है। इसके अलावा, धामी ने बताया कि सिखों से जुड़ी एक नफरत भरी तस्वीर/सामग्री के संदर्भ में SGPC द्वारा अमरीकी अधिकारियों को ईमेल भेजा गया था, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उस सामग्री को हटा दिया गया।
समानता के संदेश और ऐतिहासिक संबंधों पर चर्चा
श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि श्री दरबार साहिब संपूर्ण मानवता को समानता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने अमरीकी राजदूत से सिख गुरु साहिबान द्वारा दिए गए समानता के सिद्धांत और अमरीका के ‘स्वतंत्रता घोषणा-पत्र’ (Declaration of Independence) में वर्णित समानता के मूल्यों पर चर्चा की। बातचीत के दौरान महाराजा रणजीत सिंह के शासनकाल का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उनकी सेना में भी अमरीकी अधिकारियों ने अपनी सेवाएं दी थीं।
LPU विवाद पर बोले जत्थेदार: तोड़फोड़ और आगजनी पंजाबियों का स्वभाव नहीं
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना से जुड़े सवाल पर ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि “गाड़ियां फूंकना, विश्वविद्यालयों में तोड़फोड़ करना और सामान लूटना पंजाब और पंजाबियों की संस्कृति व स्वभाव नहीं है।”
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने LPU प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से स्थिति को संभालने और विद्यार्थियों के बीच शांति कायम करने के लिए त्वरित कदम उठाने की अपील की।
शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने दिखाए खालिस्तानी झंडे
अमरीकी राजदूत के दौरे के दौरान श्री दरबार साहिब परिसर के बाहर राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रधान ईमान सिंह मान की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अमरीकी राजदूत के आगमन पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए और खालिस्तान के झंडे लहराए।