फिरोजपुर रेल मंडल ने पेरिशेबल फलों के परिवहन में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
29 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 12904 गोल्डन टेम्पल मेल के माध्यम से अमृतसर से बांद्रा टर्मिनस तक 349 बॉक्स, करीब 3.9 टन आलूबुखारा सफलतापूर्वक भेजा गया। यह खेप व्यापारियों द्वारा जम्मू से अमृतसर लाकर रेल मार्ग से मुंबई के बाजार के लिए रवाना की गई।
रेलवे को हुआ राजस्व लाभ
इस माल परिवहन से फिरोजपुर मंडल को लगभग 29 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अधिकारियों के अनुसार, पेरिशेबल उत्पादों की रेल के माध्यम से ढुलाई से न केवल रेलवे की आय बढ़ रही है, बल्कि व्यापारियों को भी समय पर और सुरक्षित परिवहन की सुविधा मिल रही है।
किसानों और व्यापारियों के लिए खुल रहे नए बाजार
रेल मार्ग से फलों की तेज और सुरक्षित ढुलाई के कारण उनकी गुणवत्ता बनी रहती है। इसका सीधा लाभ किसानों और व्यापारियों को मिल रहा है। अब छोटे व्यापारी भी बड़े व्यापारियों के साथ मिलकर अपने पेरिशेबल उत्पाद देश के विभिन्न शहरों तक भेज रहे हैं, जिससे उन्हें नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल रहा है।
बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयास रंग ला रहे
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल ग्राहकों को बेहतर, भरोसेमंद और समयबद्ध माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की सक्रिय पहल और व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय के चलते माल परिवहन में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।








