अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को गलती से भारत का चुनाव बता दिया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और ब्लंडर कर दिया है. दरअसल, उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को भारत का राष्ट्रपति चुनाव बता दिया. डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर दावा किया कि भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और वोटिंग खत्म होने के कुछ ही समय बाद उसी दिन नतीजे भी आ गए, लेकिन अमेरिका में वोटरों की सख्या कम होने के बावजूद भी वोटों की गिनती में वक्त लगता है, यहां वोटिंग सिस्टम भ्रष्ट है.
हालांकि, फजीहत होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना पोस्ट सुधार लिया और लिखा, ‘ब्राज़ील के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में आज 12.5 करोड़ लोगों ने वोट दिया.. वोटिंग खत्म होने के कुछ ही देर बाद नतीजे भी आ गए! डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफ़ोर्निया और अमेरिका के कई दूसरे शहरों और राज्यों में, जहां वोटरों की संख्या बहुत कम होती है, वहां नतीजे आने में हफ़्तों लग जाते हैं, मेरा मतलब है गिनती करने में.. अमेरिका में वोटिंग सिस्टम करप्ट है.’
पहले भी कर चुके हैं ऐसी गलतियां
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप किसी देश या जगह का नाम गलत संदर्भ में लेते हुए चर्चा में आए हैं. जुलाई में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ जापान कहा था. इससे पहले जनवरी में दावोस में उन्होंने कई बार ग्रीनलैंड को आइसलैंड कहा था. डोनाल्ड ट्रंप की इस गलती के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनकी पोस्ट को लेकर प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने इस बात पर भी टिप्पणी की कि भारत में राष्ट्रपति का चुनाव सीधे जनता नहीं करती. कई यूजर्स ने इस गलती को लेकर ट्रंप पर तंज कसा कि उन्होंने ब्राजील के चुनाव को भारत का चुनाव समझ लिया.
उसी दिन ब्राजील में हुआ था चुनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पोस्ट के एक दिन पहले यानी 4 अक्टूबर को ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान हुआ था. इस चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो सबसे ज्यादा वोट पाने वाले दो उम्मीदवार रहे. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फ्लावियो बोल्सोनारो को 47.03 प्रतिशत और लूला को 45.16 प्रतिशत वैध वोट मिले. किसी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से ज्यादा वैध वोट नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच 25 अक्टूबर को दूसरे चरण का मुकाबला होगा.