चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने पंजाब सरकार और पुलिस की तारीफ की है।
उन्होंने कहा कि ट्राईसिटी में हुई हत्याओं के मामलों में अपराधियों को पकड़ने में पंजाब सरकार की पुलिस ने काफी मदद की। अब अपराधी जेल की सलाखों के पीछे हैं। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में चंडीगढ़ पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान करने के कार्यक्रम के दौरान कटारिया ने यह बात कही। इस मौके पर शहर को कहानी तोपों की सौगात भी दी गई।
कटारिया ने सेक्टर-9 और सेक्टर-11 में हुई गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि चंडीगढ़ जैसे शहर में सरेआम गोली मारकर हत्या होना बेहद दुखद है। सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी कुबाहेड़ी और सेक्टर-11 में दवा विक्रेता जानकी दास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं की जानकारी मिलने पर उन्हें काफी पीड़ा हुई थी।
प्रशासक ने कहा कि इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाकर ऐसे अपराधियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए थे। साथ ही चेतावनी दी थी कि भविष्य में इस तरह की वारदात दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने में काफी मदद की और अब वे जेल में हैं।
यह 2 मामले सुर्खियों में रहे
-
प्रॉपर्टी विवाद में रची हत्या की साजिश: सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी कुबाहेड़ी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड अमरीन राय को गिरफ्तार किया था। अमरीन सेक्टर-35, चंडीगढ़ की रहने वाली है और पंजाब के एक एडीजीपी की भाभी है। पुलिस जांच के मुताबिक, हत्या के पीछे न्यू चंडीगढ़ में खरीदी गई प्रॉपर्टी को लेकर विवाद था।
-
अमरीन का आरोप, चमनप्रीत ने उसे धोखा दिया: जांच में सामने आया कि अमरीन का आरोप था कि चमनप्रीत ने उसे धोखा दिया, महंगे दाम पर प्रॉपर्टी बेची और कब्जा भी नहीं दिया। इससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ था। इसी रंजिश में उसने चमनप्रीत को सबक सिखाने के लिए हत्या की साजिश रची।
-
साजिश में गैंगस्टर लकी पटियाल के शामिल: पुलिस के मुताबिक, साजिश में गैंगस्टर लकी पटियाल के शामिल होने की बात सामने आई। मोहाली के गांव कैम्बाला निवासी प्रॉपर्टी डीलर हर्षप्रीत सिंह ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। हर्षप्रीत ने एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अमरीन और गैंगस्टर के बीच संपर्क करवाया था।
-
500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल: सेक्टर-11 में दवा विक्रेता जानकी दास की हत्या के मामले में पुलिस ने जिला अदालत में 500 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें शूटर सन्नी मेहरा, अमित उर्फ शराबी और उनके तीसरे साथी आर्यन समेत 9 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
-
शूटरों को सिर्फ डराने की बात कही: चार्जशीट में शूटर सन्नी मेहरा के पुलिस को दिए बयान के अनुसार, शुरुआत में उसे और अमित को जानकी दास की हत्या करने की बात नहीं बताई गई थी। उन्हें केवल यह कहा गया था कि सेक्टर-11 में कुमार ब्रदर्स नाम से मेडिकल स्टोर चलाने वाले दो भाइयों को डराना है।
-
टारगेट की पहचान बताई गई: इसके बाद उन्हें टारगेट की पहचान बताई गई। कहा गया था कि दुकान के कैश काउंटर पर एक मोटा आदमी बैठा होगा और उसके साथ एक लंबा लड़का खड़ा होगा। मोटे आदमी ने सोने की चेन और हाथ में कड़ा पहना होगा। पुलिस के मुताबिक, शूटरों ने इसी हुलिए के आधार पर जानकी दास को निशाना बनाया था।