बेशक रणवीर सिंह ने ‘धुरंधर’ के बाद धमाल मचाया हो, पर जिस वजह से वो सबसे ज्यादा चर्चा में रहे हैं वो ‘डॉन 3’ विवाद है.
बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त रणवीर सिंह का ही राज है, उनकी धुरंधर फ्रेंचाइजी ने 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था. अब वो ‘प्रलय’ को लेकर बिजी हो गए हैं, जो एक्टर की अपकमिंग फिल्म है. लेकिन जिस पिक्चर को लेकर सबसे ज्यादा बवाल हो रहा है, वो ‘डॉन 3’ ही है. फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की फिल्म काफी पहले ही रणवीर सिंह छोड़ चुके हैं. लेकिन उसके बाद से 45 करोड़ के नुकसान की भरपाई की मांग पर फरहान और रितेश अड़े हैं. तो दूसरी तरफ रणवीर सिंह का क्लियर कहना है कि ऐसा पहले भी होता रहा है. खुद मेकर्स उन्हें लेकर श्योर नहीं थे. अब कुछ वक्त तक मामला ठंडा पड़ा था. लेकिन अब ऐसी खबर है कि रणवीर सिंह ने IMPPA को चेतावनी दी है, साथ ही कानूनी कार्रवाई की बात कही है.
मिड डे पर एक रिपोर्ट छपी. जिससे पता लगा कि, IMPPA की मीटिंग में रणवीर सिंह ने एक लेटर सौंपकर ‘डॉन 3’ मामले में बीच में न आने की रिक्वेस्ट की है. साथ ही कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. उनकी टीम ने IMPPA को कहा है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ कोई फॉर्मल एग्रीमेंट नहीं है. पर ऐसी चर्चा है कि यह उनका पहला लेटर नहीं है, जिसमें उन्होंने IMPPA से शिकायत खारिज करने की रिक्वेस्ट की थी.
मीटिंग में पहुंचे थे रणवीर सिंह के पिता?
दरअसल यह पूरा मामला तब शुरू हुआ है, जब फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने 45 करोड़ के नुकसान का दावा करते हुए IMPPA को शिकायत दी. जिसके बाद 14 अगस्त को पहली बैठक रखी गई. IMPPA के एक सदस्य ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि ”उस मीटिंग से पहले रणवीर सिंह की कानूनी टीम ने एक लेटर भेजा था. जिसमें कहा गया था कि एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ उनका कोई एग्रीमेंट नहीं था. इसके बजाय उनके बीच केवल एक MoU था, उन्होंने 45 करोड़ के दावे का खंडन करते हुए एक औपचारिक बचाव भी दिया.
वहीं, उनके लेटर में यह भी कहा गया था कि IMPPA को शिकायत खारिज कर देनी चाहिए. क्योंकि यह संस्था के अधिकार में नहीं आती है. और केवल कोर्ट ही इस मामले को सुलझा सकती है. रणवीर सिंह का लेटर मिलने के बाद, IMPPA ने 14 अगस्त की बैठक पोस्टपोन कर दी. दरअसल एक्टर के पिता जगजीत सिंह भवनानी भी वहां पहुंचे थे, तो उन्हें बताया गया कि बैठक पोस्टपोन कर दी गई है.
18 अगस्त की मीटिंग में क्या हुआ?
रणवीर सिंह की लीगल टीम ने जो दूसरा लेटर भेजा है, उसमें क्लियर लिखा गया है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट के पास शिकायत करने का कोई आधार नहीं है. अगर फरहान और रितेश चाहें, तो वे मामला कोर्ट ले जा सकते हैं. इसमें यह भी कहा गया कि अगर IMPPA कोई प्रस्ताव पास करता है, तो रणवीर कानूनी रास्ता अपनाने पर मजबूर हो जाएंगे.