पंजाब के तरनतारन में पुलिस और वांटेड बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई.

पंजाब के तरनतारन में पुलिस और वांटेड बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मौके से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. जानकारी के मुताबिक, तरनतारन के गांव बाथ के पास पुलिस को दो वांटेड आरोपियों के आने की सूचना मिली थी. इसके बाद AGTF SP बिक्रम सिंह बराड़ की टीम ने इलाके में नाकाबंदी की.

बताया जा रहा है कि इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे. पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए.

पुलिस ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने कश्मीर सिंह उर्फ भूंगी को मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे आरोपी को सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

दोनों आरोपी पुलिस के लिए थे वांटेड

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में शामिल आरोपियों की पहचान नौरंगाबाद निवासी गुरसेवक सिंह और मुरादपुरा निवासी कश्मीर सिंह उर्फ भूंगी के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ तरनतारन सिटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज है. पुलिस काफी समय से दोनों की तलाश कर रही थी. मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

1 अगस्त को पुलिस टीम पर हुआ था हमला

पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त को ड्रग तस्करों की तलाश में पुलिस टीम ने मुरादपुरा गांव में छापेमारी की थी. इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी थी. इस गोलीबारी में पुलिस कांस्टेबल भूपिंदर सिंह और एक तीन साल की बच्ची घायल हो गई थी. घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी.

मौके से हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से 30 बोर की एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास कितने हथियार थे और उनके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों में उनकी क्या भूमिका रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस DIG स्नेह दीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे. फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है.

पिछला लेखनौकरी का झांसा, टूरिस्ट एंट्री और फिर हिरासत… Malaysia में फंस रहे भारतीय, हाई कमीशन ने किया अलर्ट
अगला लेखMP-Punjab में Petrol Pumps नहीं लेंगे UPI से 2 हजार से ज्यादा का पेमेंट, कब से लागू होगा ये नया नियम?