गुलाब सिद्धू को दो सुरक्षाकर्मी मिले: सिंगर गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के बेहद करीबी दोस्तों में से एक हैं।
पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर हुई फायरिंग मामले में बरनाला पुलिस ने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर सिंह को खन्ना से गिरफ्तार किया है। सौदागर सिंह गुरुवार को खन्ना के प्रेम वैष्णो ढाबे पर एक फायरिंग मामले में अदालत में पेशी के लिए पहुंचे थे। बरनाला पुलिस ने उन्हें वहीं हिरासत में ले लिया।
खन्ना सिटी थाना पुलिस को जानकारी देकर DDR दर्ज की गई। पुलिस अब सौदागर सिंह से पूछताछ कर रही है। शगनप्रीत सिंह के माता-पिता को पहले भी खन्ना में फायरिंग और फिरौती के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। हाईकोर्ट ने हाल ही में खन्ना पुलिस के तीन मामलों की जांच डीआईजी स्तर के अधिकारी से करवाने के निर्देश दिए थे।
क्या था पूरा मामला…
सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे: घटना 12-13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। गांव फरवाही में सिद्धू के पैतृक घर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घर के बाहर पहुंचते ही युवकों ने बाइक रोकी। इसके बाद बीच में बैठे युवक ने पिस्टल लोड कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके पीछे बैठे युवक ने भी फायरिंग की। जबकि बाइक चला रहे तीसरे युवक ने वीडियो बनाई। इसमें बाइक पर 3 युवक घर के पास आते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के समय सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे।
जनवरी में हमले की कोशिश हुई थी: 10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने सिंगर गुलाब सिद्धू पर हमले की कोशिश के आरोप में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें मुख्य साजिशकर्ता कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह (किंदा) था। आरोपी गुलाब सिद्धू के गाने ‘सरपंचियां’ के बोलों से नाराज था। उसने सिंगर को सोशल मीडिया पर धमकी भी दी थी। आरोपी एक लाइव शो के दौरान घात लगाकर हमला करने की फिराक में थे। उनका मकसद पंजाब में खौफ पैदा कर बाद में फिरौती वसूलना था।
गुलाब सिद्धू को दो सुरक्षाकर्मी मिले: सिंगर गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के बेहद करीबी दोस्तों में से एक हैं। मई 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही पंजाब के कई सिंगरों की सुरक्षा की समीक्षा की गई थी। गुलाब सिद्धू को पिछले काफी समय से लगातार फिरौती के फोन आ रहे थे और जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इन लगातार मिल रही धमकियों और इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने उन्हें दो सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए गए हैं, जो उनकी सुरक्षा में तैनात रहते हैं।