दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत ने पहले टी20 में अफगानिस्तान को एकतरफा अंदाज में हरा दिया.

 अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत ने एकतरफा जीत हासिल की. पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 156 रन बनाए लेकिन ये स्कोर भारत के लिए बेहद कम साबित हुआ. अभिषेक शर्मा ने तूफानी अर्धशतक बनाकर टीम इंडिया को आसानी से मैच जिता दिया. ईशान किशन ने भी अच्छी बल्लेबाजी की, उन्होंने 33 गेंदों में 42 रन बनाए. इन दोनों के अलावा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी जीत के हीरो बने, उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट चटकाए.

अभिषेक के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान

अफगानिस्तान की गेंदबाजी को अभिषेक शर्मा ने तहस-नहस कर दिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तूफानी बैटिंग करते हुए पावरप्ले में ही भारत को 82 रनों तक पहुंचा दिया. भारत के 50 रन सिर्फ 26 गेंदों में पूरे हुए और टीम इंडिया का स्कोर 100 रनों तक सिर्फ 50 गेंदों में पहुंच गया. अभिषेक शर्मा ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया जो कि उनके करियर का 12वां पचासा रहा.
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली बार हाफसेंचुरी लगाई. अभिषेक शर्मा अपना शतक पूरा कर सकते थे लेकिन वो मोहम्मद नबी की फुलटॉस गेंद पर 32 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हो गए. अभिषेक ने अपनी पारी में 7 छक्के और 7 चौके लगाए. अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ मिलकर 53 गेंदों में 121 रन जोड़े. इस साझेदारी के दम पर भारत ने एकतरफा जीत हासिल कर टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.

भारत की दमदार गेंदबाजी

अभिषेक की तूफानी बैटिंग से पहले भारतीय गेंदबाजी भी अच्छी रही. चोट के बाद वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने दूसरी ही गेंद पर रहमनुल्लाह गुरबाज को निपटा दिया. उनके अलावा अर्शदीप सिंह ने कमाल गेंदबाजी की. इस खिलाड़ी ने महज 19 रन देकर 3 विकेट झटके. वरुण चक्रवर्ती ने सिर्फ 16 रन देकर 1 और अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 1 विकेट झटका. अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई ने 64 रन बनाकर किसी तरह अपनी टीम को 150 पार पहुंचाया लेकिन ये रन नाकाफी साबित हुए. अब भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मैच 15 सितंबर को खेला जाएगा.
पिछला लेखCanada में पहली बार फिरौती केस में Punjabi महिला अरेस्ट:वॉट्सएप मैसेज कर पैसे मांगे, नहीं मिले तो 12 घंटे बाद घर पर गोलियां चलवाईं
अगला लेखSaudi Arabia में Ballistic Missile और Drone से ताबड़तोड़ हमले कर रहा हूती, कितना नुकसान हुआ?