सीआई के प्रभारी सुरेंद्र को थाना रामामंडी की कमान सौंपी गई है।
जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने देर रात शहर के कई थानों की अचानक चेकिंग करने के बाद शहर की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कर्तव्य में मुस्तैदी बढ़ाने और थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर ने कई थानाध्यक्षों का तत्काल प्रभाव से तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत थाना 1, थाना 3, थाना 8, रामामंडी और बारादरी जैसे प्रमुख थानों के प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जालंधर पुलिस कमिश्नरेट में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस कमिश्नर देर रात खुद थानों का जायजा लेने निकले थे। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, रात्रि गश्त, लंबित मामलों और सुरक्षा व्यवस्था का गंभीरता से जायजा लिया। चेकिंग के तुरंत बाद पुलिस महकमे में अनुशासन और दक्षता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया।
कई थानो के प्रभारी बदले गए
नई तबादला सूची के अनुसार, थाना 1 के प्रभारी राकेश कुमार को अब थाना 8 का नया इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जबकि थाना 5 के प्रभारी जगदीश को थाना 3 भेजा गया है। महत्वपूर्ण थाना बारादरी के प्रभारी रविंद्र कुमार को वहां से हटाकर डीसीपी स्पेशल ब्रांच के साथ अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह पर थाना 8 के पूर्व प्रभारी साहिल चौधरी को थाना बारादरी का नया एसएचओ बनाया गया है।
सीआई (क्राइम इनवेस्टिगेशन) के प्रभारी सुरेंद्र को थाना रामामंडी की कमान सौंपी गई है। वहीं, रामामंडी के निवर्तमान प्रभारी जसपाल सिंह को ट्रांसफर कर थाना 1 का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस कमिश्नर द्वारा देर रात किए गए इस औचक निरीक्षण और तुरंत लिए गए कड़े फैसलों से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सीपी सतिंदर ने इस फेरबदल के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि लॉ एंड ऑर्डर और जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिना किसी देरी के अपना पदभार संभालें
सभी नवनियुक्त थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना किसी देरी के अपना पदभार संभालें और अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाएं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति बनाए रखने और आम जनता का विश्वास जीतने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की अचानक चेकिंग और प्रशासनिक बदलाव जारी रह सकते हैं।