कपूरथला के रेलवे स्टेशन रोड स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार सुबह आग लग गई।
बैंक से धुआं निकलता देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
फायर ब्रिगेड को शनिवार सुबह करीब 5:59 बजे बैंक से धुआं निकलने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही टीम बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी।
कपूरथला के बैंक में लगी आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड।
IDBI बैंक के ब्रांच मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे बैंक में आग लगने की सूचना मिली थी। वह तुरंत बैंक पहुंचे, जहां तक फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने का काम शुरू कर चुकी थी।
बैंक को लाखों रुपए का नुकसान
आग पर काबू पाने के बाद बैंक के अंदर स्थिति का जायजा लिया गया। ब्रांच मैनेजर के अनुसार, आग के कारण बैंक में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फर्नीचर और अन्य सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। इस घटना में बैंक को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
बैंक में लगी आग बुझाने का प्रयास करता फायर कर्मचारी।
लॉकर क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि बैंक का लॉकर क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है। आग से लॉकर क्षेत्र में किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई, जिससे ग्राहकों के कीमती सामान की सुरक्षा सुनिश्चित रही।