शहर के वार्ड-27 और 28 में लोगों की सुविधा के लिए मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया।
जालंधर। शहर के वार्ड-27 और 28 में लोगों की सुविधा के लिए मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन पार्षद शैरी चड्ढा और प्रभजोत कौर की ओर से उनके कार्यालय में करवाया गया।
कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई। इस दौरान लोगों की आंखों, हड्डियों, शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। कैंप शाम 5 बजे तक चलेगा।
पार्षद शैरी चड्ढा ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की ओर से लंबे समय से मेडिकल कैंप लगाने की मांग की जा रही थी। लोगों की मांग को देखते हुए यह कैंप आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कैंप में मरीजों की मुफ्त जांच के साथ जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
शैरी चड्ढा ने कहा कि जिन मरीजों को आंखों के ऑपरेशन की जरूरत बताई गई है, उनके ऑपरेशन का खर्च वह अपनी जेब से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि आगे भी हर महीने मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा।
इसमें जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ ऑपरेशन की जरूरत पड़ने पर उसका खर्च भी वह स्वयं उठाएंगे। कैंप में पहुंचे लोगों ने शैरी चड्ढा की समाजसेवा की सराहना करते हुए कहा कि वह केवल वार्ड-27 और 28 के पार्षद नहीं, बल्कि पूरे शहर के पार्षद हैं। लोगों ने कहा कि कोरोना काल में भी उन्होंने जरूरतमंदों की मदद की थी और समाजसेवा के कार्यों में हमेशा आगे रहते हैं।