पठानकोट पुलिस ने अमृतसर से बुलेट पर नशीले पदार्थ की सप्लाई देने आए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 52 ग्राम 38 मिलीग्राम हेरोइन और ₹3,500 की ड्रग मनी बरामद हुई। सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर बुलेट जब्त किया है।
आरोपियों की पहचान लक्ष्मण सिंह उर्फ लच्छा, निवासी गांव छब्बा, थाना छहर्टा, जिला अमृतसर और विशाल उर्फ जोबन, निवासी गांव छब्बा, थाना छहर्टा, जिला अमृतसर के तौर पर हुई है। सदर पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक को लेकर पूछताछ में जुटी है।
नहर के पास पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
ASI सुरिंदर कुमार पुलिस टीम के साथ सरकारी गाड़ी में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के सिलसिले में यूबीडीसी नहर रोड की तरफ जा रहे थे। जब पुलिस पार्टी नहर के श्मशान घाट के पास पहुंची, तो सामने से एक बुलेट मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस की गाड़ी को सामने देखकर दोनों युवक घबरा गए और भागने लगे।
जेब से फेंक दिया हेरोइन का पैकेट, पुलिस ने दबोचा
भागने के दौरान बाइक के पीछे बैठे युवक ने अपने निचले पहने वस्त्र की दाहिनी जेब से एक भारी पारदर्शी पॉलीथिन पैकेट निकालकर जमीन पर फेंक दिया। हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कर्मचारियों की मदद से घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। दोनों आरोपी अमृतसर के छहर्टा इलाके के गांव छब्बा के रहने वाले हैं।
ड्रग डिटेक्शन किट से हेरोइन की पुष्टि
पुलिस ने जमीन पर फेंके गए पैकेट को उठाकर नारकोटिक ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की, जिसमें हेरोइन होने की पुष्टि हुई। वजन करने पर पैकेट सहित हेरोइन की कुल मात्रा 52 ग्राम 38 मिलीग्राम पाई गई। इसके अलावा, आरोपी विशाल उर्फ जोबन की तलाशी लेने पर उसकी जेब से ₹3,500 की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ग्रे रंग की बुलेट मोटरसाइकिल (नंबर PB-02-EV-5453) को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है
सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 27(a), 61-85 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है कि वे यह हेरोइन अमृतसर से किस तस्कर से लाए थे और पठानकोट में किसे सप्लाई करने वाले थे।