अमृतसर एयरपोर्ट पर संदिग्ध ड्रोन दिखने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अलर्ट जारी कर 7 उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया.
पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन देखे जाने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड हो गई हैं. इसके चलते एहतियात के तौर पर कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया है. बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के आपरेशनल एरिया में दो से चार संदिग्ध ड्रोन देखे गए थे.
जानकारी के मुताबिक रनवे के आस पास संदिग्ध गतिविधि दिखते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने अलर्ट जारी किया और सुरक्षा के मद्देनजर अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए डायवर्ट कर दिया.
संवेदनशील इलाके में मंडराते रहे ड्रोन
रिपोर्ट के अनुसार संदिग्ध ड्रोन/उड़ती जैसी वस्तुएं गांव रजाला की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आती दिखाई दीं. ड्रोन कुछ मिनटों तक रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाके में मंडराते रहे. रनवे के पास संदिग्ध गतिविधि देख एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने अलर्ट जारी किया और कुछ फ्लाइट्स को डाइवर्ट कर दिया गया.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, सर्च ऑपरेशन शुरू
सीमांत जिला होने की वजह से इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए CISF, पंजाब पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट पर डाल दिया गया.घटना के बाद सुरक्षाबलों ने रजाला गांव और एयरपोर्ट से सटे सीमावर्ती इलाकों में सर्च आपरेशन शुरू कर दिया. तकनीकी टीमों द्वारा रडार और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि ड्रोन के ऑपरेटर और उनके सटीक रूट का पता लगाया जा सके. एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर जांच की जा रही है.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने जारी किया अलर्ट
घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है. रनवे के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्परता दिखाते हुए अलर्ट जारी किया और सुरक्षा के मद्देनजर अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को तुरंत दिल्ली एवं चंडीगढ़ के लिए डायवर्ट कर दिया. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमानों की लैंडिंग रोक दी और रूट बदल दिए.
7 उड़ानों को किया डायवर्ट
मलेशिया एयरलाइंस (एमएच-118): कुआलालंपुर से अमृतसर (दिल्ली डायवर्ट)
इंडिगो (6ई-5028): मुंबई से अमृतसर (चंडीगढ़ डायवर्ट)
इंडिगो (6ई-2045): दिल्ली से अमृतसर (चंडीगढ़ डायवर्ट)
एअर इंडिया (एआई-479): दिल्ली से अमृतसर (दिल्ली वापस भेजा गया)
एअर इंडिया (एआई-855): दिल्ली से अमृतसर (दिल्ली वापस भेजा गया)
इंडिगो (6ई-1428): शारजाह से अमृतसर (दिल्ली डायवर्ट)
एअर इंडिया एक्सप्रेस (आईएक्स-138): शारजाह से अमृतसर (दिल्ली डायवर्ट)