जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीनियर सेक्शन इंजीनियर को 66 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई चंडीगढ़ से आई सीबीआई टीम ने जालंधर कैंट स्थित ब्रिज वर्कशॉप में की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चंडीगढ़ ले जाया गया।
जालंधर कैंट स्थित रेलवे ब्रिज वर्कशॉप में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर मिलिंद के खिलाफ एक रेलवे ठेकेदार ने भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार का आरोप था कि बकाया बिलों और काम से जुड़े मामलों के निपटारे के बदले इंजीनियर रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई चंडीगढ़ ने प्राथमिक जांच की। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
66 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों दबोचा
योजना के तहत सीबीआई इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने जालंधर कैंट स्थित ब्रिज वर्कशॉप में छापेमारी की। जैसे ही शिकायतकर्ता ठेकेदार ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर मिलिंद को 66 हजार रुपए की रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी सीबीआई टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को चंडीगढ़ ले गई टीम
रिश्वत की रकम बरामद करने और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सीबीआई की टीम आरोपी इंजीनियर मिलिंद को हिरासत में लेकर चंडीगढ़ रवाना हो गई। वहां उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है। सीबीआई यह भी जांच कर रही है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में रेलवे का कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल है या नहीं।
RPF ने की कार्रवाई की पुष्टि
इस कार्रवाई की पुष्टि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) थाना जालंधर कैंट के इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने की। उन्होंने बताया कि पूरी रेड सीबीआई की टीम ने की थी। स्थानीय आरपीएफ की इसमें कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जानकारी सीबीआई का चंडीगढ़ कार्यालय ही जारी करेगा।