अमृतसर में ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

पंजाब सरकार और खेल विभाग की ओर से आयोजित इन खेलों के तहत ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल मुकाबले करवाए जाएंगे। खेलों के प्रति युवाओं और आम लोगों में उत्साह पैदा करने के उद्देश्य से राज्यभर में मशाल रिले यात्रा निकाली जा रही है। यह मशाल यात्रा 28 अगस्त को अमृतसर पहुंचेगी।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पल्लवी मिश्रा ने बताया कि 12 अगस्त को जिला संगरूर से शुरू हुई मशाल रिले यात्रा विभिन्न जिलों से होते हुए 28 अगस्त को गुरदासपुर के रास्ते अमृतसर पहुंचेगी। सुबह करीब 10 बजे मशाल यात्रा गांव जैंतीपुर के रास्ते जिले में प्रवेश करेगी।
इसके बाद यात्रा वेरका बाईपास चौक, बटाला रोड, संत सिंह सुखा सिंह चौक और नॉवेल्टी चौक से होते हुए जिला खेल अधिकारी के कार्यालय और गुरु नानक स्टेडियम पहुंचेगी। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की ओर से मशाल यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं को खेलों से जुड़ने और अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
29 अगस्त को अगले पड़ाव के लिए रवाना
इसके बाद 29 अगस्त को सुबह 9 बजे गुरु नानक स्टेडियम से मशाल रिले यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी। यह यात्रा एलिवेटेड रोड और तारांवाला पुल से होते हुए गांव चब्बा पहुंचेगी, जहां मशाल जिला खेल अधिकारी, तरनतारन को सौंप दी जाएगी।
अमृतसर में अफसरों से मीटिंग करतीं एडीसी।
अमृतसर में अफसरों से मीटिंग करतीं एडीसी।
अमृतसर जिले में ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के ब्लॉक स्तरीय मुकाबले 8 सितंबर से 17 सितंबर तक दो चरणों में करवाए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी नेशनल स्टाइल, कबड्डी सर्कल स्टाइल, वॉलीबॉल स्मैशिंग, वॉलीबॉल शूटिंग और खो-खो के मुकाबले शामिल होंगे। इस वर्ष टेनिस बॉल क्रिकेट को प्रदर्शन खेल के तौर पर भी शामिल किया गया है।
पहले चरण में पांच ब्लॉकों में मुकाबले
पहले चरण में 8 से 11 सितंबर तक चौगावां, तरसिक्का, अटारी, वेरका और अजनाला ब्लॉक में मुकाबले होंगे। वहीं दूसरे चरण में 14 से 17 सितंबर तक म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, रईया, मजीठा, जंडियाला गुरु और हरशा छीना ब्लॉक में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन खेल मुकाबलों में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी पंजाब खेल विभाग की वेबसाइट (https://sports.punjab.gov.in) पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपना पंजीकरण करवाकर अधिक से अधिक संख्या में खेलों में हिस्सा लें और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
पिछला लेखलेडी IAS कंवलप्रीत बराड़ Jalandhar ED दफ्तर में पेश:रजिस्टर पर साइन किए, सीधे अंदर चली गईं; 10 दिन में दूसरी बार पहुंचीं
अगला लेखबातचीत और हड़ताल एक साथ नहीं चल सकते, मुख्यमंत्री मान का ‘महा हड़ताल’ पर रुख स्पष्ट है