पंजाब कांग्रेस की अमृतसर और तरनतारन लीडरशिप ने आज श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर एकजुटता का संदेश दिया।
सांसद गुरजीत सिंह औजला की अगुवाई में दोनों जिलों के करीब 15 विधानसभा क्षेत्रों के नेता दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंचे। रास्ते में सांसद गुरजीत औजला ने एक वीडियो जारी कर कहा कि अमृतसर और जालंधर के जो वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हैं सभी हमारे साथ मौजूद हैं। हम सभी श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर माझा क्षेत्र की करीब 15 विधानसभा सीटों पर काम कर रही है। इस समय तरनतारन और अमृतसर की करीब 15 सीटों के सभी नेता यहां मौजूद हैं।
औजला बोले- सरकार भी कांग्रेस पार्टी की बनेगी उन्होंने कहा कि एकजुटता के प्रतीक के रूप में हम श्री हरिमंदिर साहिब जाकर नतमस्तक होने जा रहे हैं। हम लोक मुद्दों और पंजाब हित की सरकार बनाने के लिए पूरी एकजुटता और तनदेही के साथ काम करेंगे। उन्होंने दावा किया का सरकार भी कांग्रेस पार्टी की बनेगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस प्रधान सौरव मिट्ठू मदान, पूर्व डिप्टी सीएम ओम प्रकाश सोनी और पूर्व विधायक सुनील दत्त समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि वे 2027 के चुनाव में पंजाब के हितों और लोक मुद्दों को प्राथमिकता देने वाली सरकार के लिए मिलकर काम करेंगे। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सूरज ठाकुर भी मौजूद रहे।
राजा वड़िंग और चन्नी के बीच मतभेद सार्वजनिक पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से अंदरूनी खींचतान चल रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद भी सार्वजनिक रहे हैं। सितंबर की शुरुआत में कांग्रेस हाईकमान ने भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी बनाया था। पायलट के आने के बाद 15 सितंबर को एक प्रदर्शन के दौरान राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा जैसे नेता एक मंच पर दिखे थे।