टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है.
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है. तीनों आरोपी मुंबई से दिल्ली आने वाली एक ट्रेन में सवार थे. कोटा पुलिस ने भी कन्फर्म किया है कि तीनों शूटर गिरफ्तार कर लिए गए हैं. उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर धर दबोचा गया. रेलवे कॉलोनी के थाना अधिकारी रामस्वरूप ने भी टाइगर पर हुए हमले में शामिल तीनों शूटर को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि कर दी है. उन्होंने ये भी बताया कि कोटा के अलावा कहीं और की पुलिस इस ऑपरेशन में शामिल नहीं थी. इसे केवल कोटा पुलिस द्वारा ही किया गया और कोटा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी.
रविवार की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर बाइक सवार तीन हमलावरों ने पांच राउंड फायरिंग की थी. इस हमले के बाद सनसनी मच गई थी. हमले में टाइगर को गोली तो नहीं लगी पर उन्हें कुछ चोटें आईं. हालांकि उनके ड्राइवर फिरदौस बलौच को हाथ में गोली लगी. इसके अलावा एक चव्हाण नाम के एक अन्य शख्स को भी गोली लगी. दोनों इस वक्त अस्पताल में हैं और खतरे से बाहर हैं.
हमलावरों में एक 17 साल का लड़का
1. टाइगर पर हमला करने में शामिल रहे एक आरोपी का नाम ऋतिक कुमार है. उसके पिता का नाम रामू महतो है और वो बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है. मुंबई में वो रैपिडो चलाता था.
2. दूसरे आरोपी का नाम रेहान है और इसकी उम्र 18 साल है. इसके पिता का नाम रिशुद्दीन अंसारी है और आरोपी हरियाणा के सोनीपत का रहना वाला है.
3. तीसरा आरोपी नाबालिग है. उम्र 17 साल बताई गई है और ये आरोपी भी हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है.
मुंबई पुलिस ने बनाई थी 15 टीमें
टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वालों को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने 15 स्पेशल टीमों का गठन किया था. हमले में इस्तेमाल की गई पलसर बाइक को पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया है. इसके बाद से ही अलग अलग शहरों को भी अलर्ट किया गया था. अंदेशा था कि हमलावर मुंबई छोड़कर भाग सकते हैं.