सोने-चांदी के बाजार में पिछले 24 घंटों के भीतर गजब का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. कल यानी 25 नवंबर की देर रात अमेरिका से महंगाई और आर्थिक मजबूती के आंकड़े सामने आए थे, जिसके बाद कीमती धातुओं के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी. लेकिन आज 26 नवंबर को बाजार का रुख पूरी तरह पलट गया है. इंटरनेशनल मार्केट से लेकर भारतीय वायदा बाजार तक, सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था से कल रात जो ताजा आंकड़े आए हैं, वे सोने-चांदी के लिए नेगेटिव संकेत दे रहे हैं. अमेरिका में महंगाई नापने का सबसे बड़ा पैमाना कोर PCE माना जाता है. अक्टूबर महीने में सालाना आधार पर ये आंकड़ा बढ़कर 3.3% पर पहुंच गया है. बाजार को इसके 3.2% रहने की उम्मीद थी, जबकि सितंबर में ये 3.1% पर था. इसके अलावा मासिक आधार पर भी कोर PCE में 0.3% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इन्हीं आंकड़ों के बाद कल रात कीमतों पर दबाव देखा गया था.
कल रात की गिरावट के बाद आज 26 नवंबर को इंटरनेशनल मार्केट यानी कॉमेक्स (Comex) पर सोने-चांदी ने जोरदार वापसी की है. कॉमेक्स पर सोने के दाम में 1.16% की तेजी आई है, जिसके बाद ये 3576.90 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता नजर आया. वहीं चांदी की चमक तो और भी ज्यादा बढ़ी है. कॉमेक्स पर चांदी 3.29% तक उछलकर 41.375 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई है.
इंटरनेशनल मार्केट की तेजी का सीधा असर भारतीय वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी पड़ा है. आज ट्रेडिंग खुलते ही कीमतों में भयंकर तेजी देखने को मिली. MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 1725 रुपये महंगा होकर 1,25,161 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा. चांदी ने तो और बड़ी छलांग लगाई है. MCX पर चांदी के दाम 4571 रुपये बढ़कर 1,50,592 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गए हैं.
खरीदारों को झटका, जानें 24 से 18 कैरेट के ताजा रेट
बाजार खुलते ही आई इस तेजी ने आम खरीदारों की जेब पर सीधा असर डाला है. बुलियन मार्केट में आज 24 कैरेट शुद्ध सोना करीब 1,21,910 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है. जेवर बनवाने वालों के लिए 22 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,15,228 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है. वहीं 18 कैरेट गोल्ड की बात करें तो ये करीब 1,01,823 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है. बुलियन मार्केट में चांदी का भाव भी लगभग 1,50,420 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चल रहा है. अब पूरे दिन बाजार में कीमतों की चाल कैसी रहती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.








