Chandigarh News: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने शिरोमणि अकाली दल, सीपीआई और अन्य राजनीतिक व सामाजिक दलों के नेताओं को कांग्रेस में शामिल करवाते हुए अकाली दल और अन्य राजनीतिक दलों को तगड़ा झटका दिया। चंडीगढ़ कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इन सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब को चापलूसों की नहीं, बल्कि ईमानदार सोच और जनहित के लिए समर्पित नेताओं की जरूरत है। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं कैंपेन कमेटी के चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी और मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन सांसद डॉ. अमर सिंह भी मौजूद रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने कहा कि आज पंजाब में बदलाव की लहर चल रही है और लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हो चुके हैं। यही कारण है कि आज शिरोमणि अकाली दल में सुखबीर सिंह बादल के पूर्व राजनीतिक सलाहकार सरदार परमजीत सिंह सिद्धवां, आम आदमी पार्टी से बीबी रूप कौर अपने परिवार सहित, फरीदकोट से सीपीआई के प्रगतिशील युवा नेता पवनप्रीत सिंह, अमेरिका की नागरिकता छोड़कर पंजाब की सेवा के लिए लौटे पूर्व विधायक सरदार कृपाल सिंह के पुत्र सरदार कोरववीर सिंह रंधावा काथूनंगल और भाजपा से जुड़े राजपूत समुदाय के नेता कैप्टन आर.एस. पठानिया के कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया। जिससे कांग्रेस को राजनीतिक मजबूती मिलेगी।

Google search engine

अकाली दल और भाजपा की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी के लुटेरों से करते हुए सरदार परगट सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब के संसाधनों और अधिकारों पर कब्जा करने की फिराक में हैं। आम आदमी पार्टी भाजपा की ‘बी-टीम’ बनकर इनका साथ दे रही है। अकाली-भाजपा के नए गठबंधन में न तो पंजाब के पानी के अधिकारों की कोई बात है और न ही चंडीगढ़ पर पंजाब के दावे का कोई जिक्र। सुखबीर बादल पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया कि जो नेता पहले भाजपा में जाने वालों के डीएनए पर सवाल उठाते थे, क्या अब सुखबीर बादल खुद अपना डीएनए टेस्ट करवाएंगे? उन्होंने दावा किया कि दोनों पार्टियां पहले ही सिंगल डिजिट में सिमट चुकी हैं और आगामी चुनावों में इनकी राजनीतिक स्थिति और कमजोर होगी।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री सरदार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि परमजीत सिंह सिद्धवां का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का संकेत है कि अकाली दल के भीतर भारी बेचैनी है और भाजपा के साथ गठबंधन करने से पार्टी की असलियत जनता के सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों की अवहेलना करते हुए आरएसएस और भाजपा के सामने घुटने टेक दिए हैं। बादल परिवार के शासनकाल में पंजाब में नशे और गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला। कृषि के काले कानूनों को लेकर भी अकाली दल की भूमिका सवालों के घेरे में रही, जिनके विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर चले किसान आंदोलन के दौरान 700 से अधिक किसानों ने अपनी जान गंवाई।
मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन डॉ. अमर सिंह ने अकाली-भाजपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल सिख और हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण के उद्देश्य से किया गया एक अवसरवादी राजनीतिक समझौता है। उन्होंने अकाली दल से सवाल किया कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB), चंडीगढ़ पर पंजाब के अधिकारों, मनरेगा में कटौती और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट जैसे अहम मुद्दों पर उसका क्या रुख है? दलितों और मजदूरों के अधिकारों को कुचलने वाली भाजपा के साथ हाथ मिलाकर अकाली दल ने पंजाब के हितों के साथ समझौता किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में सरदार परगट सिंह ने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता इन स्वार्थी राजनीतिक ताकतों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर पंजाब के अधिकारों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम लोगों की आवाज बुलंद करेगी तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

पिछला लेखपंजाब में बड़ा पुलिस फेरबदल: 31 IPS और PPS अधिकारियों के तबादले, गुरप्रीत सिंह भुल्लर बने जालंधर के पुलिस कमिश्नर