Punjab Pro TV(PPTV NEWS): राजस्थान के बांसवाड़ा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल वैन में सवार एक छात्र की मौत हो गई, जबकि छह अन्य बच्चे घायल हो गए। हादसा थिकरिया इलाके में हुआ, जहां बच्चों से भरी स्कूल वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बच्चों की आवाज सुनकर ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही राजा तालाब थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले छात्र की पहचान हाउसिंग बोर्ड इलाके के रहने वाले डॉ. राजेंद्र बसानिया के बेटे हयान बसानिया के रूप में हुई है। इसी परिवार का एक अन्य बच्चा भी हादसे में घायल हुआ है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायल बच्चों का इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा है। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल रंजन नेमा, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, की हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।








