अमृतसर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां को मामूली चोटें आई हैं।

हादसा उस समय हुआ, जब एक 18 चक्का ट्रक ड्राइवर ने बिना पीछे देखे ट्रक को लापरवाही से बैक कर दिया। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से इलेक्ट्रिक स्कूटी नीचे गिर गई और बच्ची ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को दिए बयान में गुरप्रीत सिंह निवासी गांव कलेरवाल, हाल निवासी बसर्के भैणी ने बताया कि 30 अक्टूबर को सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच वह अपनी पत्नी पूनम कौर और 2 साल की बेटी नवप्रीत कौर के साथ घर से निकला था। वह खुद बाइक पर था, जबकि पत्नी और बेटी स्कूटी पर जा रही थीं।

बिना पीछे देखे ड्राइवर ने बैक किया ट्रक

जब वे इंडिया गेट के पास पहुंचे तो उसकी पत्नी ने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान वहां खड़े ट्रक नंबर RJ 07 GF 5729 के ड्राइवर ने बिना पीछे देखे ट्रक बैक कर दिया। ट्रक की साइड स्कूटी से टकरा गई, जिससे मां-बेटी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान ट्रक का पिछला टायर बच्ची नवप्रीत कौर के ऊपर से गुजर गया।

लोगों ने मौके पर ही ट्रक ड्राइवर को पकड़ा

हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां पूनम कौर को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया। गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में ट्रक ड्राइवर की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पिछला लेखSant Niranjan Das के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट का आरोप:जालंधर में थाने के बाहर प्रदर्शन, पुलिस बोली- अभी तक नहीं मिले ठोस सबूत
अगला लेखAmritsar Airport पर 1 नवंबर से डिजीयात्रा का लाइव ट्रायल:ई-चिप पासपोर्ट धारकों को मिलेगी फेस स्कैन एंट्री, बार-बार नहीं दिखाने होंगे दस्तावेज